423/2026
©शब्दकार
डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'
जहाँ नहीं हो वेद, कहलाती वह वेदना।
और दे रही खेद, शांति नहीं हो देह को।।
देती नित संताप,तन-मन को बहु वेदना।
घबराएँ क्यों आप, जीवन ये संघर्ष है।।2
मिलता है सुख चैन,हरें वेदना अन्य की।
सुखद रहें दिन-रैन, सेवा यही समाज की।।
हरण किया दुख ताप,गौतम ने जब हंस का।
अंकन की क्या माप, न्यून हुई तन-वेदना।।4
देना कभी न लेश, जान-बूझ मत वेदना।
धर कोई भी वेश,हरना निजी प्रयास से।।
जगती का हर जीव,सुखी नहीं सर्वांश में।
जमा चुकी है नीव,किंचित या अति वेदना।।6
नहीं जीव हे मीत,कारण बिना सताइए।
मटियामेट सुगीत, आह वेदना की करे।।
हर्षित हैं कुछ लोग,देकर मन को वेदना।
उन्हें लगा है रोग, परपीड़क हैं क्रूर वे।।8
वहाँ वेदना वास, जहाँ मनुज का वास है।
करते हैं उपहास, कुछ ऐसे भी लोग हैं।।
पीड़ित जन का मित्र,नहीं करो उपहास तुम।
दिखा न बुरा चरित्र, मनुज वेदनाग्रस्त हो।।10
बुद्ध बने सिद्धार्थ, देख वेदना जीव की।
मिला एक दिन अर्थ, तप से तपती देह को।।11
शुभमस्तु,
18.11.2026◆9.30 प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें