420/2026
©शब्दकार
डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।
उठूँ गगन में उड़ मैं पाऊँ।।
डाल - डाल पर झूला झूलूँ।
पंखों से उड़ नभ को छूलूँ।।
मीठे आम सभी फल खाऊँ।
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।।
खिलते फूल बाग में प्यारे।
रँग हैं जिनके न्यारे-न्यारे।।
ख़ुशबू सूँघ मस्तियाँ पाऊँ।
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।।
सरिताएँ कल-कल कल बहतीं।
लगता है कुछ मुझसे कहतीं।।
पंख भिगोकर खूब नहाऊं।
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।।
बर्फीले पर्वत हैं ऊँचे।
चींटी-से हम लगते नीचे।।
चढ़ पर्वत पर खूब सिहाऊँ।
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।।
कोयल मोर पपीहा भाते।
गौरैया कपोत भी आते।।
'शुभम्' देख खग मन में चाऊँ।
चाहत है चिड़िया बन जाऊँ।।
शुभमस्तु,
18.11.2026◆3.15 प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें