414/2026
©शब्दकार
डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'
गालीप्रूफ़
हो गए नेता
हुए बे असर जूते भी।
वही करेंगे
जो करना है
कितना भी चिल्लाओ तुम
देश खा रही
इनकी कुर्सी
खड़े मूक झल्लाओ तुम
देश भक्ति का
डंका पीटें
रहो न इनके बूते भी।
छल-छद्मों की
कीचड़ माटी
से इनका निर्माण हुआ
सद्गुण
एक न शेष यहाँ पर
जनता को है भाड़ कुँआ
सत्तर पीढ़ी की
तैयारी
भेद न मिलता कूते भी।
काला अक्षर
भैंस बराबर
आई ए एस खड़ा नीचे
बंद बोलती
जिलाधीश की
ऐस पी रहा हाथ भींचे
सनद चरित की
बाँट रहे हैं
चरितहीन सब सूते भी।
शुभमस्तु,
16.11.2026◆1.45प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें