421/2026
©शब्दकार
डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'
घी के बिना न भाती रोटी।
खरी मुलायम बड़की छोटी।।
कहती है माँ जीभ चटोरी।
भले रखी घृत भरी कमोरी।।
फिर भी देती रूखी खोटी।
घी के बिना न भाती रोटी।।
नहीं गले के नीचे जाए।
चुपड़े बिना नहीं सरकाए।।
लगता गले चुभे ज्यों गोटी।
घी के बिना न भाती रोटी।।
मक्का कभी चने की देती।
कभी बाजरे की अति हेठी।।
पकड़ पीटती मेरी चोटी।
घी के बिना न भाती रोटी।।
खाते रोज कन्हैया लौनी।
भरी रखी रहती थी धौनी।।
लाड़ लड़ैते कान्हा नॉटी।
घी के बिना न भाती रोटी।।
चिकनी कोमल लौनी खाऊँ।
तब पढ़ने मैं शाला जाऊँ।।
'शुभम्' न घर में लौनी टोटी।
घी के बिना न भाती रोटी।।
शुभमस्तु,
18.11.2026◆4.00 प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें