404/2026
©शब्दकार
डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'
तम हर दिया
लाल माटी का
ज्योतित घर कर जाए।
बाती तेल
और लौ का सँग
हर पल मान बढ़ाता
घर भर का
तम हर ले पल में
उर का नेह दृढ़ाता
हिम्मत नहीं हारता
पल को
उज्ज्वल पथ दिखलाए।
रहे जहाँ पर
ज्योति बिखेरे
भेदभाव की बात कहाँ
समदर्शी
माटी का दीपक
सच दिखलाए यहाँ वहाँ
महल दुमहले
कुटिया में भी
एक भाव से जाए।
मानव जैसी
सोच नहीं है
द्वेष भाव क्यों आए
पात्र देखकर
रूप बदलता
ये मानव इतराए
माटी का ये गात
तुम्हारा
एक दिवस मिट जाए।
शुभमस्तु,
10.11.2026◆4.45 आ०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें