405/2026
©शब्दकार
डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'
-1-
डरना सबको चाहिए, बुरे कर्म से मीत।
भले कर्म से प्रीति का,मिलता नित नवनीत।।
मिलता नित नवनीत,पंथ उस पर ही जाएँ।
मिलता है सम्मान, वचन दे सदा निभाएँ।।
'शुभम्' कर्म कर पुण्य,घड़ा पुण्यों से भरना।
मत होना बदनाम, बुरे कर्मों से डरना।।
-2-
मन में सबके ही बसा,डर का भाव अकूत।
तम से कुछ डरते यहाँ,कुछ के मन में भूत।।
कुछ के मन में भूत,चुड़ैलों से भी डरना।
मानव सहज स्वभाव, भीति का खप्पर भरना।।
'शुभम्' न सोच-विचार, फिरे कर्मों के वन में।
क्रूर कर्म का चाव, भरा है नर के मन में।।
-3-
डर का भाव अशक्त का,निडर भाव से दूर।
धुक-धुक-धुक धड़के हिया,शांति सौख्य हो चूर।।
शांति सौख्य हो चूर, प्रगति गति होती मंदी।
मन में उठें कुभाव, बुद्धि हो तेरी गंदी।।
डरना 'शुभम्' न लेश,नाम जप नर हर-हर का।
कर मन को मजबूत, मिटे अँधियारा डर का।।
-4-
सबके ऊपर दृष्टि है,प्रभु की सदा अकूत।
यही भाव मन में बसे,बने न पुत्र कपूत।।
बने न पुत्र कपूत, पिता-माता से डरना।
बनता सहज स्वभाव, पुण्य का ही घट भरना।।
'शुभम्' भरा जो अर्द्ध, सदा घट छल-छल छलके।
देख रहा है ईश, दृष्टि है ऊपर सबके।।
-5-
बालक शिशु भयभीत हैं, अँधियारे से खूब।
छिपकलियों से डर रही,एक बालिका ऊब।।
एक बालिका ऊब, छूछूंदर से भी डरना।
कॉकरोच को देख, हृदय की धड़कन बढ़ना।।
'शुभम्' हानि का भाव, बना है उर में घालक।
नर -नारी के बीच ,भीति का पलता बालक।।
शुभमस्तु,
12.11.2026◆3.30 प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें