422/2026
©शब्दकार
डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'
कहलाती वह वेदना, जहाँ नहीं हो वेद।
शांति नहीं हो देह को,और दे रही खेद।।
तन-मन को बहु वेदना, देती नित संताप।
जीवन ये संघर्ष है, घबराएँ क्यों आप।।2
हरें वेदना अन्य की, मिलता है सुख - चैन।
सेवा यही समाज की,सुखद रहें दिन-रैन।।
गौतम ने जब हंस का,हरण किया दुख ताप।
न्यून हुई तन-वेदना,अंकन की क्या माप।।4
जान-बूझ मत वेदना,देना कभी न लेश।
हरना निजी प्रयास से,धर कोई भी वेश।।
सुखी नहीं सर्वांश में,जगती का हर जीव।
किंचित या अति वेदना,जमा चुकी है नीव।।6
कारण बिना सताइए, नहीं जीव हे मीत।
आह वेदना की करे,मटियामेट सुगीत।।
देकर मन को वेदना, हर्षित हैं कुछ लोग।
परपीड़क हैं क्रूर वे,उन्हें लगा है रोग।।8
जहाँ मनुज का वास है, वहाँ वेदना वास।
कुछ ऐसे भी लोग हैं,करते हैं उपहास।।
नहीं करो उपहास तुम, पीड़ित जन का मित्र।
मनुज वेदनाग्रस्त हो,दिखा न बुरा चरित्र।।10
देख वेदना जीव की, बुद्ध बने सिद्धार्थ।
तप से तपती देह को,मिला एक दिन अर्थ।।11
शुभमस्तु,
18.11.2026◆9.30 प०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें