417/2026
©शब्दकार
डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'
-1-
जन्म सफल कर मीत,कर्म सदा करिए भले।
रहे न विपदा एक, आए तो पल में टले।।
शुभता का वरदान, मिला तुझे नर योनि में।
नहीं करे बरबाद, जीवन तू शुभ छोनि में।।
-2-
तेरा जन्म महान, तू जन्मा जिस गेह में।
कर जन का कल्याण,मानव की शुभ देह में।।
मिले न बारंबार, मनुज योनि शुभकारिणी।
कर ले नित उपकार, तन-मन पाप निवारिणी।।
-3-
कौशल्या माँ धन्य, जन्म लिया प्रभु राम ने।
ऐसी कौन अनन्य, टिके मातु के सामने।।
बजी बधाई खूब, सजी अयोध्या रूपसी।
दशरथ का शुभ नाम,बढ़ी शक्तियां मानसी।।
-4-
धन्य गेह परिवार , शुभता का वरदान है।
लेती संतति जन्म,कुल भी वही महान है।।
लिया कृष्ण अवतार, पुत्र आठवाँ नेक है।
हुआ कंस विध्वंश, तम में उगा विवेक है ।।
-5-
हर संतति का जन्म, जन्म दूसरा जननि का।
बनती है वह नेक, संतति की शुभ सृजनिका।।
रे नर कर सम्मान, उस जननी का नित्य ही।
करना मत अपमान,समझ - बूझ औचित्य ही।।
शुभमस्तु,
18.11.2026◆5.45 आ०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें