सोमवार, 29 मई 2023

बरस रही जलधार ● [ गीतिका ]

 233/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

बरसे    काले  मेघ , मास सावन   आया।

छिपा  जलद  में वेघ,धरा खोले   काया।।


चले पवन पुरजोर,सनन-सन- सन करता,

खोल  धरणि  पर  बाँह,गगन मानो छाया।


सभी   चाहते  नीर,  प्यास से जो     मरते,

देखे   काले   मेघ,  दृश्य  सबको    भाया।


अमराई    में  कूक,  गा रहे पिक    प्यारे,

मोर  नहीं  हैं   मूक,  नृत्य करता   गाया।


बरस  रही    जलधार ,नीड़ में कीर   छिपे,

गाते  भेक  मल्हार,   कृषक दल   हर्षाया।


बालक  नंग-धड़ंग,कर रहे जल -  क्रीड़ा,

यहीं   अर्कजा   गंग,  नहा हर्षण    पाया।


काले   घन के बीच,चमकती है  बिजली,

बहती   काली   कीच,पावसी है    माया।


हरे -  भरे    तरु  कुंज, लताएँ झूम   रहीं,

दृश्य  हरित  है  मंजु, नई छवि सरमाया।


रहें   न   काले    मेघ,  देश के अंबर    में,

बढ़े  प्रगति  का  वेग, सुखी हों नर-जाया।


'शुभम्'  करें   कर्तव्य,  सभी अपने- अपने,

जीवन   हो तब  भव्य,सुखी हों   हमसाया।


●शुभमस्तु !


29.05.2023◆10.30 आ०मा०


देखा नहीं मुहूर्त ● [ गीतिका ]

 232/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●◆●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

देखा नहीं  मुहूर्त, ब्याह यों ही कर   डाला।

कैसा   ज्ञानी  धूर्त, डालते  टूटी    माला।।


करता  नहीं  विमर्श, थोपता अपना  निर्णय,

कैसे  हो   उत्कर्ष, घोलता विष  का प्याला। 


नहीं लिंग का ज्ञान,पुरुष को नारी   कहता,

गंगाजल  में  डाल, रहा  है घातक   हाला।


द्वार  बुद्धि  के  बंद,बजाता अपनी  ढपली,

दबा  धरा में  कंद, गली का बहता   नाला।


अहंकार साक्षात, रूप धारण जब   करता,

सुने न  कोई  बात,  लगा है धी पर   ताला।


अधजल गगरी छलक,छलक जाती है बाहर,

भरी न होती किलक,न दिखता नीर निवाला


सबका मालिक एक, मात्र मुझको  पहचानें,

मुझमें मात्र विवेक,शेष सब गरम  मसाला।


सबका  है  इतिहास,  बुरा अच्छा या  जैसा,

मनुज समय का ग्रास,समय ने जैसा   ढाला।


'शुभम्' एक ही ईश, हाथ मानव के  खाली,

मानव तो बस कीश,छतों से गिरा   पनाला।


●शुभमस्तु !


29.05.2023◆8.30आ०मा०

स्वार्थ भरा संसार● [ गीतिका ]

 231/2023

  

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●◆●●●●●

चलता है   जो सत्यपथ,होती उसकी  जीत।

दुनिया गाती नित्य ही,सदा विजय के गीत।।


ऋतुओं का आवागमन, पावस शरद वसंत,

तपता सूरज  ग्रीष्म का,कभी सताए  शीत।


क्षण-क्षण को खोएँ नहीं,सदा करें  उपयोग,

उत्सव-सा जीवन जिएँ,समय न जाए बीत।


स्वार्थ  भरा    संसार  है, करें प्रदर्शन  लोग,

उर  में  काला  खोट  है,एक न अपना  मीत।


राह    बताएँ   पूर्व  की, जाता पश्चिम  ओर,

ऐसा  मनुज  स्वभाव है,चले चाल  विपरीत।


इतना  भय  पशु से  नहीं, हिंसक  भालू  शेर,

मानव  का  आहार  नर, रहता सदा  सभीत।


'शुभम्'नहीं विश्वास अब, रहा मनुज का शेष,

धोखा  दे  नर  जी  रहा,  माटी  हुई  पलीत।


●शुभमस्तु !


29.05.2023◆6.30 आ.मा.

चलता है जो सत्य पथ● [सजल ]

 230/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●समांत : ईत।

●पदांत : अपदान्त।

●मात्राभार :24.

●मात्रा पतन :शून्य।

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●◆●●●●●

चलता है   जो सत्यपथ,होती उसकी  जीत।

दुनिया गाती नित्य ही,सदा विजय के गीत।।


ऋतुओं का आवागमन, पावस शरद वसंत,

तपता सूरज  ग्रीष्म का,कभी सताए  शीत।


क्षण-क्षण को खोएँ नहीं,सदा करें  उपयोग,

उत्सव-सा जीवन जिएँ,समय न जाए बीत।


स्वार्थ  भरा    संसार  है, करें प्रदर्शन  लोग,

उर  में  काला  खोट  है,एक न अपना  मीत।


राह    बताएँ   पूर्व  की, जाता पश्चिम  ओर,

ऐसा  मनुज  स्वभाव है,चले चाल  विपरीत।


इतना  भय  पशु से  नहीं, हिंसक  भालू  शेर,

मानव  का  आहार  नर, रहता सदा  सभीत।


'शुभम्'नहीं विश्वास अब, रहा मनुज का शेष,

धोखा  दे  नर  जी  रहा,  माटी  हुई  पलीत।


●शुभमस्तु !


29.05.2023◆6.30 आ.मा.


रविवार, 28 मई 2023

अमराई ● [ कुंडलिया ]

 229/2023

         

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

                        -1-

अमराई  में   कूकते  ,नर पिक सस्वर गीत।

सुन विरहिन-उर जागती,एक टीस हित मीत

एक  टीस  हित मीत, तप रही जैसे  धरती।

मिली न जल की बूँद,प्यास से नारी  मरती।।

'शुभम्' प्रतीक्षा लीन,गई तिय देह   लुनाई।

टपकें पके रसाल,सज रही झुक  अमराई।।


                        -2-

अमराई  के  बीच में,  बसा हुआ  है   गाँव।

घुस पातीं लूएँ नहीं,सघनित शीतल   छाँव।।

सघनित शीतल छाँव,ज्येष्ठ का तप्त महीना।

जलें न नंगे  पाँव, शरद से शीतक   छीना।।

'शुभम्'  रसीले  आम,बाँटते मधुर  खटाई।

बनी  गाँव  की आन,चतुर्दिक छा  अमराई।।


                         -3-

अमराई  में  छा  रहे, तरह-तरह  के  आम।

हिमसागर, केशर सभी,लँगड़ा वृक्ष तमाम।।

लँगड़ा  वृक्ष  तमाम, सिंधुरा, नीलम  सारे।

फजली ,चौसा  खूब,दशहरी रस  से  भारे।।

'शुभम्' आम वनराज,मल्लिका भी है भाई।

रत्ना,अर्का अरुण, मधुर  सुंदर  अमराई।।


                        -4-

अमराई   में  मिल गए, नैनों से   दो  नैन।

शब्द एक निकला नहीं,मौन बोलतीं सैन।।

मौन   बोलती  सैन, चैन काफूर   हुआ  है।

इधर भाड़ की आग,उधर गंभीर  कुँआ  है।।

'शुभम्' हर्ष  का लोप,हिमंचल बनती  राई।

मिले विटप की ओट,साक्ष्य देती  अमराई।।


                        -5-

अमराई  में  डाल कर, एक खुरहरी  खाट।

माली -मालिन देखते, आमों की नित बाट।।

आमों  की नित बाट, खेलते छोरा  -  छोरी।

ढूँढ़   टिकोरे   स्वाद,  ले  रही बेटी    गोरी।।

'शुभम्'  सोलवीं  साल, सुहाए उसे  खटाई।

चटनी   चाटें  खूब  ,प्रेम  से जा   अमराई।।


●शुभमस्तु!


28.05.2023◆12.45प०मा०

गाँव, गाँव, गाँव, गाँव● [ बाल कविता ]

 228/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

गाँव, गाँव , गाँव, गाँव,

धूल   भरी    आँधियाँ।

झर्र - झाँय,झर्र - झाँय ,

गूँज     रहीं    वादियाँ।।


बाग, बाग,  बाग,  बाग,

रेत  का    झकोर     है।

डाल, डाल, डाल, डाल,

गिरा    ढेर    बौर    है।।


बेर ,   बेर,    बेर  ,  बेर,

बेर -  से    टिकोरे    हैं।

लूट,   लूट,   लूट,   लूट,

भाग     रहे    छोरे    हैं।।


कान, कान, कान, कान,

बात    यह    आई     है।

सत्रह   की    दीदी   को,

रुचती     खटाई      है ।।


लिए, लिए,  लिए,  लिए,

जेब के   टिकोर    छीन।

काट -छील, काट -छील,

दाँत   से   नन्हे    नवीन।।


●शुभमस्तु !


27.05.2023◆12.30प०मा०

गुरुवार, 25 मई 2023

गहनों का ग्रहण ● [अतुकान्तिका ]

 227/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

ये गहने!

गहन करने के लिए

नर को,

बनाए स्वयं नर ने,

फँसाने के लिए 

स्वयं निज को,

कि पहने

देह पर कामिनि।


स्वयं मछली

बुने निज जाल,

बुलाती काल,

सब शृंगार का बाजार,

हो रहा

पुरुष अब बेहाल,

जिंदा मशाल,

धरा की दामिनी।


पुरुष - दौर्बल्य,

पथ का शल्य,

पहचानती वह

रात -दिन

'इमोशनल ब्लेक मेल'

आजीवन खेल,

 झेल ही झेल।


अधूरापन इधर

अधूरापन उधर,

उधर नारी इधर नर,

परस्पर डर,

भरी कंकड़

 काँटों की डगर,

करे मत 

कुछ अगर -मगर।


गहने का ग्रहण

कर संवरण,

वृथा तव प्रण,

चराचर में संचरण,

क्षण प्रति क्षण,

 झेलता  जनगण।


●शुभमस्तु !


25.05.2023◆4.00प०मा०

बया के घोंसले लटके ● [ नवगीत ]

 226/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार©

● डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

शल्य -द्रुम की

मचानों पर

बया के घोंसले लटके।


बया मादा

संग नर भी

सजाते घास के तिनके।

उजाले के

लिए जुगनू

घोसलों में छिपे चमके।।


निराली है

अजब दुनिया

रहा करते बिना खटके।


युगल -श्रम

चमक उठता

नई दुनिया बसा लेता।

चीलों गीध 

से बेहतर 

सजीला नीड़ रँग देता।।


वृथा क्यों खग

बया बुनकर

गगन में भृंग- सा भटके!


सभी मानव

सु -तन धारी

अलग जीवन बिताते हैं।

 बना करते

कोई जौंक

विरल सोना कमाते हैं।।


अलग जीना

अलग मरना

चले कुछ राह में अटके।


बनाए हैं

विधाता ने 

बड़े -छोटे सभी घट ही।

खरे - खोटे

सुघर टूटे

न रहने की न आहट ही।।


नहीं रुकता

भरा पानी

रहे कुछ जन्म से चटके।


●शुभमस्तु !


25.05.2023◆2.45प०मा०

पानी ● [ दोहा ]

 225/2023

             

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

पानी से हर  जीव का,है अपना  अस्तित्त्व।

दिया आपकी देह में,जल का सघन घनत्त्व।।

जीव,जंतु,पादप,लता,धरा,गगन,सरि,ताल।

पानी से आबाद हैं,सिंधु, अचल,नद ,नाल।।

 


तपता  सूरज  ग्रीष्म  में,बरसे पानी   धार।

पावस में   जलवृष्टि हो,धरती करे  पुकार।।

ज्यों-ज्यों धन बढ़ने लगा,हृदय गया है रीत।

पानी आँखों का मरा, दिवस गए  वे  बीत।।


पानी का दोहन करे,अतिशय मानव आज।

कल की सोचे ही नहीं, गिरे शीश पर गाज।।

सब  -  मर्सीबल  पंप से,भैंस नहाएँ नित्य।

बहता  पानी  राह  में,जाने कब  औचित्य!!


गौरैया  प्यासी   मरे, प्यासे कीर  , मयूर।

पानी वृथा उलीचता, मानव अब का कूर।।

पौधारोपण  कर  गए,अपनी आँखें  मींच।

नेता उतरे   कार  से,दिया न पानी  सींच।।


पत्ती -  पत्ती   माँगती  ,पानी से ही   त्राण।

मानव , बादल  नीर दे,बचने हैं तब  प्राण।।

सत्तर प्रतिशत अंश है,पानी का भुवलोक।

फिर भी प्यासे जीव हैं,मना रहे जल-शोक।।


● शुभमस्तु!


24.05.2023◆11.45आ.मा

बुधवार, 24 मई 2023

जीवन मिथ्या -जाल ● [ दोहा ]

 224/2023


[मिथ्या,छलना,सर्प,मछुआरा,जाल]

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

            ● सब में एक ●

मिथ्या यह   संसार है,मात्र एक   अध्यास।

लगती  रज्जू   जीव  को, होता  सर्पाभास।।

अपना-अपना तू कहे,धन, संतति, परिवार।

मिथ्या हैं सब जान ले,करके  गहन विचार।।


छलना  देने   के   लिए, जन्मे   तेरे   द्वार।

जो  कपूत  संतति बने,मिले न  सेवा प्यार।।

छलना से छल -छद्म के,छिद्र बढ़ रहे नित्य।

जितनी जल्दी जान लो,जन-जीवन औचित्य


सर्प दोगले  शांति के, बनकर  भोले   दूत।

नित्य  डस  रहे  देश को,हिंसा कर  आहूत।।

रस्सी में भ्रम सर्प का,जब मिट जाए मीत।

ज्ञान - चक्षु तेरे खुलें,होती जन की   जीत।।


मानव,मानव के लिए,बन मछुआरा  एक।

काँटे  में  लासा  लगा,  करता पूरी   टेक।।

दृश्य-जगत के जाल में,फँसा जीव -संसार।

मछुआरा तट मौन है,देख रहा   जलधार।।


जीव निकलने के लिए,करता अथक प्रयास।

फँसता जाता जाल में,सच का कर आभास

जीवन स्वप्नाभास-सा,लगता नित्य सजीव।

नहीं निकलता जाल से,बँधता सुदृढ़ जरीब।


    ●  एक में सब ●

जीवन छलना सर्प-सा,

                     मिथ्या का भ्रम - जाल।

मछुआरा नित  काल का,

                        करता वृहत धमाल।।


●शुभमस्तु!


24.05.2023◆ 7.00 आ.मा.


माल तुम्हारा:स्वामित्व हमारा ● [ व्यंग्य ]

 223/2023 

 

 ●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● ●

व्यंग्यकार© 

● डॉ. भगवत स्वरूप शुभम् 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● 

 मैं ये नहीं कहता कि आप साझा -संग्रह के साझीदार नहीं बनें।यदि आपको अपना नाम चमकाने की बहुत जल्दी है औऱ शार्ट कट चलते हुए अल्पावधि में ही एक बड़ा कवि या लेखक बनने की चाहत है;तो चूकिए मत। अपने से भी महान महत्वाकांक्षी को अपना बनाइए औऱ उनके नाम से प्रकाशित संग्रह के एक साझीदार बन जाइये।माल आपका और स्वामित्व उनका।

      क्या आपने अपने सच्चे मन में इस बात को विचार किया है कि जिस साझा -संग्रह का स्वामी संपादक या संकलक आप जैसे पचास - सौ रचनाकारों की रचनाओं परिचयों औऱ सुंदर -सी फोटोज लगाकर अपने नाम से जिस कृति को प्रकाशित करा रहा है ,उसमें आपके अमूल्य योगदान का क्या महत्त्व है?आपने अपना एक नन्हा-सा चना डाल कर खेती में साझा तो कर लिया ,किसान- मजदूर बन गए, पर न तो खेत आपका है औऱ न उसके किसान भी आप हैं।आप जैसे ही अन्य चना दान करने वाले कुछ अन्य महत्वाकांक्षी कवि औऱ लेखक भी हैं। जिनकी अपार भीड़ है, जो रातों -रात महाकवि के सर्वोच्च सिंहासन पर आसीन होने के लिए लार टपका रहे हैं।कुछ अनुभवी घाघ ठेकेदार तो इसका बहुत बड़ा धंधा भी संचालित कर रहे हैं।प्रति व्यक्ति 800, 900 या 1000 रुपये से यदि एक सौ लोगों का जोड़ लिया जाए ,तो एक लाख की एकत्रित धनराशि में से यदि दो सौ रुपये प्रति पुस्तक औऱ डाक व्यय की दर से भी अस्सी हज़ार की नकद बचत है। अपना हर्रा लगा न फिटकरी रंग चोखा ही आ गया ,तो घाटा भी क्या है? 

     साझा संग्रह का स्वामी संपादक यदि इतना ही बड़ा लेखक या कवि होता ,तो क्या वह स्वयं लिखकर पूरी पुस्तक का प्रकाशन न करा लेता। आप स्वयं सोच सकते हैं कि कहीं न कहीं तो गड़बड़ है। आप ठगे जाकर धोखा खा रहे हैं। यह धोखा ही ऐसी खाद्य सामग्री है, जो आपके द्वारा खाने के बाद ही आपको पता लगता है कि आपने खा लिया है :धोखा। यदि आपको पहले से ही पता हो तो क्या आप इसे खाना पसंद करेंगे? नहीं न? परन्तु अब तो खा ही गए हैं। तो पचाना भी पड़ेगा और पछताना भी पड़ेगा।मुरब्बा किसी और का आप तो बस गरम मसाला बनकर उसे स्वादिष्ट बनाने में लगे हुए हैं।

      सहित्य का सृजन ;जो एक समाज और साहित्य की सेवा का पवित्र कार्य था ,अब तथाकथित शातिर और मनी माइंडेड व्यक्तियों द्वारा धंधा बन चुका है। हमारे जैसे अज्ञानियों की धरती पर फल फूल रहे धंधे के जिम्मेदार हमारी चरम महत्ववाकांक्षा ही तो है। जिसका भरपूर लाभ आज के 'चतुरों' द्वारा उठाया जा रहा है। यह एक ऐसी खेती है,जिसका कोई एक निश्चित मौसम है न शरद,शिशिर ,हेमंत, वसंत, ग्रीष्म या पावस की षड ऋतुएँ ही। यह बारहों मास , बावन सप्ताह, सातों दिन, चौबीसों घंटे और तीन सौ पैंसठ दिन उगने, फूलने,फलने औऱ लहराने ,पकने वाली फसल है। 

 मुझे पता है कि अब आप मुझसे यही प्रश्न करने की सोच रहे होंगे कि क्या आपने भी इसका 'रसास्वादन' किया है? अर्थात क्या आपने भी यह 'खोवा' खाया है? अवश्य खाया है । पर जब उसके कण - कण में रस - हीनता ,रचनाकार की दीनता औऱ ठेकेदार संपादक की तल्लीनता का संज्ञान हुआ तो आँखें खुल गईं। दिन में ही उल्लू बनाने का अच्छा तरीका ढूँढ निकाला गया है।कौन नहीं जानता कि दिन में लक्ष्मी वाहन की आँखें बंद ही रहती हैं!लक्ष्मी पुत्रों ने सरस्वती पुत्रों को अपना वाहन बना ही लिया! क्योंकि उनकी तो चारों (दो हिए की +दो चर्म चक्षु) खुलीं ही हुई हैं। मित्रो! मैं तो सँभल चुका हूँ, आप भी सँभल जाइए। अब ये आपकी इच्छा, मानें या न मानें। ●शुभमस्तु !

 23.05.2023◆11.30आ.मा. 

 ●●●●●

प्रीति की रीति ● [ सजल ]

 222/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●समांत : आन

●पदांत :  नहीं

●मात्राभार  :22.

●मात्रा पतन :शून्य।

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सीख  प्रीति  की रीति,पंथ आसान   नहीं।

अति दुरूह वह नीति,तुझे पहचान  नहीं।।


भ्रमित वासना -भृंग,झूमते कली - कली,

माली  होता  दंग,  ज्ञान का भान    नहीं।


धर  मीरा  का  रूप, रँगे चीवर   तन   के,

गिरा  पतन के  कूप, त्याग का  ज्ञान नहीं।


बहे   प्रीति  की धार,नहीं गंतव्य    मिला, 

हुए  वही  बस  पार, देह का ध्यान  नहीं।


'लिव इन' का  व्यापार,वासना अंधी   है,

टूटे  शीघ्र   खुमार,  प्रीति  में जान  नहीं।


सच्चा   लौकिक प्रेम,कराता सृजन नया,

सद गृहस्थ का हेम,कृत्रिम चमकान नहीं।


प्रेम - पंथ   -  तलवार,   दुधारी भयवाहक,

चलना   अति  दुश्वार, गिरे तो मान   नहीं।


हो  शीरीं -  फरहाद,  भले  लैला- मजनू,

नेह  राधिका-श्याम, सदृश उपमान   नहीं।


'शुभम् ' गोपियाँ  ग्वाल,कृष्ण के  रँगराते,

सहजाकर्षण  ताल,बजे व्यवधान   नहीं।


●शुभमस्तु!


21.05.2023◆12.30 प०मा०

रविवार, 21 मई 2023

मृग - मरीचिका ● [नवगीत ]

 221/2023

    

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

मृग- मरीचिका

प्यासा प्राणी

देख -देख ललचाए।


सोने का मृग

देख जानकी

बोली:  'लक्ष्मण  देवर।

देखो वह मृग

बना स्वर्ण से

आ जाओ तुम  लेकर।।'


'धनुष उठाओ

जाकर अपना

मन में तपन जगाए।'


मत्त वासना

रत यौवन है

आँखों  से  ये  अंधा।

बना   'रिलेशन

लिव इन' के ये

लगा  रहा   है  धंधा।।


फूटी दोनों

इनके ही की

कौन इन्हें समझाए।


मुरझाए हैं

फूल भूलकर

भौंरा  एक न जाता।

जब तक पाया

शहद मधुप ने

आसपास मँडराता।।


झरने लगते

सूख - सूख दल

झाँके  बिन कतराए।


मिले मुफ्त का

भोजन- चावल

दिखे   रेत    का  पानी।

मृग-मरीचिका

कहते इसको

मज़हब -मलिन कहानी।।


बिना बहाए

स्वेद देह से

शूकर -शावक छाए।


नेता -पालित

नव गुर्गों का

झुंड चाभता   मेवा।

चुपड़ रहे हैं

सारे चमचे

तेल,  दे  रहे  सेवा।।


'शुभम्' आमजन

चुसा जा रहा 

कैसे  ऊपर  जाए!


21.05.2023◆1.45प०मा०


प्रीति की धार● [ गीतिका ]

 220/2023

        

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सीख  प्रीति  की रीति,पंथ आसान   नहीं।

अति दुरूह वह नीति,तुझे पहचान  नहीं।।


भ्रमित वासना -भृंग,झूमते कली - कली,

माली  होता  दंग,  ज्ञान का भान    नहीं।


धर  मीरा  का  रूप, रँगे चीवर   तन   के,

गिरा  पतन के  कूप, त्याग का  ज्ञान नहीं।


बहे   प्रीति  की धार,नहीं गंतव्य    मिला, 

हुए  वही  बस  पार, देह का ध्यान  नहीं।


'लिव इन' का  व्यापार,वासना अंधी   है,

टूटे  शीघ्र   खुमार,  प्रीति  में जान  नहीं।


सच्चा   लौकिक प्रेम,कराता सृजन नया,

सद गृहस्थ का हेम,कृत्रिम चमकान नहीं।


प्रेम - पंथ   -  तलवार,   दुधारी भयवाहक,

चलना   अति  दुश्वार, गिरे तो मान   नहीं।


हो  शीरीं -  फरहाद,  भले  लैला- मजनू,

नेह  राधिका-श्याम, सदृश उपमान   नहीं।


'शुभम् ' गोपियाँ  ग्वाल,कृष्ण के  रँगराते,

सहजाकर्षण  ताल,बजे व्यवधान   नहीं।


●शुभमस्तु!


21.05.2023◆12.30 प०मा०

चलाती सृष्टि वह नारी● [ नवगीत ]

 219/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

अकेलापन

नहीं भाता 

नियंता जो हमारा है।


अकेलापन 

विचारा तो

 बहुत ही कामना जागी।

एको$हं 

बहुस्यामक

बना वह ब्रह्म अनुरागी।।

बिना साथी

पुरुष को भी

कहाँ मिलता सहारा है?


बनाया नर

अकेला ही

उदासी से भरा खाली!

वामांग स्थित 

 पार्श्वस्थि से

सुघर वामा बना डाली।।


मिला फिर उस

नराकृति को

भला ये साथ प्यारा है।


बनी नारी

सगी साथी

चलाती सृष्टि वह प्यारी।

बने पूरक 

पुरुष -वामा

पुरुष पर नारियाँ भारी।।


सकारों के 

नकारों के

सृजन का रूप न्यारा है।


● शुभमस्तु !


21.05.2023◆9.15 आ०मा०

शनिवार, 20 मई 2023

जंगल 'टेढ़े पेड़ों'का ● [ व्यंग्य ]

 218/2023 


 ●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● ●

व्यंग्यकार © 

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्

' ●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● 

           आज सुबह का अखबार देखा तो एक प्रमुख समाचार पर दृष्टिपात होते ही अकबर इलाहाबादी का यह शेर भीतर ही भीतर ऊधम मचाने और मन की कहन को बाहर लाने के लिए कुलबुलाने लगा।शेर कुछ यों है: 'हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम, वो कत्ल भी करते हैं तो शिकवा नहीं होता।' एक कहावत कुछ इस प्रकार भी कही और पढ़ी जाती है कि जंगल में कभी टेढ़े पेड़ नहीं सीधे पेड़ ही काटे जाते हैं।आज के सामाजिक ,राजनैतिक, नैतिक और धार्मिक परिवेश में यह सोलहों आने,चालीस शेरों औऱ पक्के एक सौ किलोग्रामों यह बात सही है। 

          देश औऱ समाज का कोई तथाकथित बड़ा नेता,अधिकारी, कर्मचारी,सर्वेसर्वा यदि कितनी भी बड़ी भूल या अपराध करता है, तो उसके लिए इस प्रजातंत्र में किसी दंड या सजा का प्राविधान नहीं है। न कोई पाप है। न देवता का शाप है। और न देश और समाज के लिए वह अभिशाप है! यह एक भयंकर विशुद्ध और परिपक्व विडम्बना ही है कि वह दूध का धुला बना रहकर साफ -साफ बच निकलता है।वही तो इस जंगल का टेढ़ा पेड़ है। उसके ऊपर कोई धारा,कोई दुधारा कारगर सिद्ध नहीं होता। 'समरथ को नहिं दोष गुसाईं।'ये पंक्ति गोसाईं तुलसीदास बहुत पहले ही लिख कर सुरक्षित ढाल बनाकर रख गए हैं। है किसी के माई के लाल में ताकत कि इन तथाकथित 'टेढ़े पेड़ों' को काटना तो बहुत दूर ,उन्हें छू भी नहीं सकता।

             कौन नहीं जानता कि प्रत्येक टॉल टैक्स वसूली प्लाज़ा पर ऐसे 'बेचारों' की हरित पृष्ठभूमि पर दुग्ध धवल दीर्घ अक्षरों में एक नहीं कई स्थानों पर सूच्यांकित रहतीं हैं कि उनसे भूल से भी टॉल टैक्स वसूल न हो जाए।शेष सामान्य जन के कार, मोटर,ट्रक ,बस आदि हेतु रेट लिस्ट लगाना भी नहीं भूला जाता कि इनसे इतना- इतना वसूला जाना है। जब सड़क पर जाना है ,तो टेक्स भी देते ही जाना है। अनिवार्यतः चुकाना ही चुकाना है। जो देने के लिए सक्षम हैं उनसे एक पैसा भी नहीं पाना है।हो सकता है ऐसे ही 'बेचारे' 'महापुरुषों और महानारियों' के पूज्य पिताजी ने ही देश की सभी सड़कों का निर्माण कार्य कराया हो।उनके लिए न कोई कानून है न आचार संहिता।न नियम न उनका आचरण। सब कुछ मनमाना। 


          बराबर सीधे पेड़ ही काटे जा रहे हैं।टेढ़े अरराते हुए दौड़े चले जा रहे हैं। 'सीधे'अपनी सिधाई के कारण काटे जा रहे हैं। 'टेढ़े पेड़' कभी अपराध कर ही नहीं सकते। जो इन टेढ़ों को भी सीधा कर दें, उनसे कोई चूं - चपड़ नहीं चलती। वे 'महाटेढ़े 'उनके पालित - पोषित भी हो सकते हैं।जिनके संरक्षण में फलते -फूलते और ऊलते हैं। टेढ़ों द्वारा यदि किसी नियम आदि के संचालन, संपादन, क्रियान्वयन आदि में भूल हो जाती है तो नियम बदलकर सुधार कर लिया जाता है। वे अपनी गलती ,अपराध या भूल भी स्वीकार भी नहीं करते। यही तो उनकी महानता है। तभी तो मेरा देश महान है। और इन 'महापुरुषों' औऱ 'महानारियों' के कारण है। 'सीधे पेड़'क्या हैं?केवल घास- फूस ही। पैरों तले रौंदे जाने की चीज। जहाँ विधायक ही भंजक हो,वहाँ पलित तो पालक की घास-पात है।शह में भी मात है।'टेढ़े' और 'टेढ़ों' का पदाघात है।'जिसकी लाठी उसकी भैंस' की बात है। जंतु वर्ग में आदमी का आदमी के संग पक्षपात है। 'टेढ़ों' के समक्ष 'सीधों' की यही तो औकात है। कमजोरों के ऊपर तुषारापात है। पर क्या कीजिए ,'जबरा मारे और रोने भी न दे!' इसी कहावत की बिछी बिसात है। 

 ●शुभमस्तु !

 20.05.2023◆7.45प०मा०

 ●●●●●

खटास ● [ अतुकांतिका ]

 217/2023

       

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

चखे नहीं जाते दिल

मात्र देखे  औऱ महसूस

किए जाते हैं,

वे आम हैं न टिकोरे

फिर भी रखते हैं

अपनी खटास या मिठास।


दूध में

 डाली गई खटास से ,

फटकर विकृत भी

होता है,

और जमकर दही भी

बन जाता है,

यह सब खटास के 

अनुपात पर

और दुग्ध के ताप पर

निर्भर हो जाता है।


नापें सभी 

अपने - अपने 

दिलों की खटास 

या मिठास,

बनना है वही

जिसमें हो आशा और

विश्वास,

काश हर आदमी 

ऐसा होता,

फिर इस धरणी पर

स्वर्ग क्यों न होता?


उड़ तो सभी लेते हैं

अपने डैनों पर,

पर अन्तर होता है

उड़ान -उड़ान का,

तितली और चील की

पहचान का,

अम्बर और उद्यान का।


दिनकर से ही

होता है 

दिवस का उजास,

जुगनुओं से नहीं,

फिर भी जुगनू

करता है  प्रयास,

तम - नाश।


आओ 'शुभम्'

अपना उजाला फ़ैलाएं,

दिलों की खटास में

मिठास भर लाएँ,

अपने -अपने प्रयास में

कोई कमी क्यों लाएँ!

धरती को

मानव के

 रहने योग्य बनाएँ।


●शुभमस्तु!

19.05.2023◆6.30आ०मा०


गुरुवार, 18 मई 2023

घुमावदार हवेली! ● [ व्यंग्य ]

 216/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● 

● व्यंग्यकार©

 ● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्' 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●● 

         हाँ, मैं नारी हूँ।करनी से लाचारी हूँ। सबके साथ अलग - थलग रोल! किसी के साथ फूटी आँख भी नहीं किसी को घी से तोल! पति, पुत्र, बेटी, सास ,ससुर !कोई लगे देवी - देव तो कोई असुर! सबके साथ छंद अलग ,अलग ही सुर। मैं केवल एक, पर मेरी भूमिकाएं अनेक ! जहाँ जैसा विवेक ,कहीं बहुत नेक; कहीं पकड़ी हुए टेक।

    'ना' से मेरा आदि है,नकार ही मेरा आस्वाद है।जानते तो होंगे कि मेरी ' ना ' भी 'हाँ 'है। और यदि कहीं हो गई 'हाँ' ; तो कर ही देगी तुम्हें बहुत परीशां!इसलिए सहज ही जुबां से 'हाँ' तो निकलती ही नहीं। इशारों को अगर समझो ,तो क्या से क्या न हो जाए!कहती है जो जुबाँ, वह ये दीदे नहीं कहते। इन दो दीदों की भाषा ही गूढ़ है। जो न समझ पाए ,समझो वह मूढ़ है।पर ये नारी तो अपने ही मत पर आरूढ़ है। अब चाहे पहेली कहें या उसकी घुमावदार हवेली में उलझे रहें।कोई कहता इसे हमारी अदा है, जमाना हमारी इन्हीं अदाओं पर फिदा है।लेकिन जीवन जीने के वास्ते वह नहीं हो सका नारी से जुदा है।

         ये न समझें कि कैसी ये हमारी सोच है। ये भी न समझें कि ये कोमलांगी इतनी पोच है! हमारी हर एक करनी में एक अलग ही लोच है।जहाँ पर मर्द की सोच का पूर्ण विराम है, वहीं से हमारा शुरू होता मुकाम है। न समझिए नारी को मात्र कोमल निरीह चाम, इसी से तो होते हैं कड़े - कठोर काम।इसीलिए तो नारी को एक नाम दिया गया वाम या वामा। 

                मानव समाज की ऐसी कितनी जिंदा सास हैं , जो अपनी बहुओं के लिए मात्र एक लाश हैं! यही कोई अंगुलियों के पोरुओं पर गिनने भर की। समझिए उन्हें दाल बरोबर मुर्गी घर की। अन्यथा कोई बहू ईमानदारी से अपने गरेबाँ में झाँक कर बता दे कि उसके पति की अम्मा दुनिया की सबसे अच्छी सास है। यदि कोई कहे भी तो माना जाएगा कि ये दुनिया का सबसे बड़ा उपहास है।किसी अविवाहित बेटे औऱ बेटी के लिए माँ दुनिया की सबसे अच्छी माँ है।किंतु विवाहोपरांत उसी बेटे के लिए औऱ उसकी 'आदेशांगिनी' भार्या के लिए वह सबसे बुरी औऱ कर्कशा नारी है। नारी तो वस्तुतः हजारों हजार विरोधाभासों की 'गर्मकल्ला' क्यारी है।अपने बूढ़े सास -ससुर उसे फ़ूटी आँख भी नहीं सुहाते ,तो नहीं ही सुहाते।कोई कर भी क्या सकता है! उसे वे मिस्री की बोरी में फँसी फांस ही दिखाई देते हैं।तभी बेटे बहू के कहने पर उन्हें टूटे मूढ़े की तरह वृद्धाश्रम भेज देते हैं।इन सभी वृद्धाश्रमों की जनक और जननी नारी ही है ।बेचारे पति की तो उसकी हाँ में हाँ बोलना मात्र लाचारी है। 

         नारी, नारी के लिए आरी।पुरुष पर तो मात्रा और देह से भारी।किसी के लिए फूलों की क्यारी तो प्यार से भी प्यारी। मुझे मैंने नहीं बनाया। सारा दोषारोपण मुझी पर आया।पूछो उस परमात्मा से कि मुझे ऐसा चित्र - विचित्र ,कभी बदबू तो कभी इत्र,ऐसी कलत्र क्यों बनाया? इतने सारे रंग जब एक ही जगह भर दिए तो आखिर हम कैसे जिएं। बेटा खुश तो बहू फुस, उसे तो रहना है अपने स्वार्थ में घुस।इसीलिए तो चाहती करना सबको घर से पुश। अपनी प्रकृति से बंधना विवशता है।कभी जो महान है ,कभी वहीं कृशता है। कोमलांगी औऱ क्रूरा का ये कैसा दुःसह मेल है।विधाता के विधान का ये कैसा खेल है?नारी,प्यारी, आरी, कटारी,उपहारी,दुलारी, कितनी - कितनी उपमाएँ सारी। वाह री!मैं नारी।घुमावदार हवेली तुम्हारी!तुम सबके घर और घर वालों पर भारी।इतना भी समझ लें कि मेरे बिना खिलती नहीं घर की क्यारी;जब तक नहीं गूँजती नर्सिंग होम से घर की चौबारी तक नवजातों की मधुर किलकारी।

 ●शुभमस्तु ! 

 18.05.2023◆12.15 आरोहणम् मार्तण्डस्य।

माँ बनाम सास ● [चौपाई ]

 215/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सबकी  माँ  जब  इतनी प्यारी। 

बनी सास  क्यों तेज कटारी??

सास    कहाँ   बनती हैं सारी?

सब  बहुओं  की   वे बीमारी।।


बहू  सास जब  बनकर आती।

अपना  असली  रंग दिखाती।।

उसे सास   ने   बहुत   सताया।

शुभ दिन सास बना दिखलाया।।


उसे   सास   ने   रंग   दिखाए।

बहुओं पर चुन-चुन आजमाए।।

सास आज है  विगत वधूटी।

लगता   था तब किस्मत फ़ूटी।।


अब   वह  वही सूत्र अपनाए।

प्रिय सुत को गुलाम बतलाए।

सास -झुंड पनघट पर आया।

किस्सा चुगली का रँग लाया।


पुत्रवधू   की    चुगली  भाए।

सुनने में रस   कितना आए!!

देवी - सी   है   अपनी    बेटी।

बहू लगे   किस्मत  की हेटी।।


माँ बहना सब  साँसें बनती ।

तब पूछो   कैसे   वे  तनती!!

सास -  बहू  दो  बिच्छू पाले।

छेड़ न   छत्ते   बर्रों    वाले।।


सासों का आयात   कहाँ से?

करते हैं किस लोक जहाँ से?

माँ तो माँ है   सबकी  प्यारी।

क्यों हर सास बहू की ख्वारी?


●शुभमस्तु !


17.05.2023◆9.15प०मा०

बुधवार, 17 मई 2023

यमुना तट ● [ दोहा ]

 214/2023

          

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

कान्हा  यमुना तट  खड़े,  देख रहे  हैं  बाट।

कब तक आएँ राधिका,मन है बहुत उचाट।।

यमुना तट तरुवर खड़े,छाया सघन  कदंब।

झूला झूलें  राधिका, शोभित शाख   प्रलंब।।


झूले  पर हैं राधिका,यमुना तट  पर  बाग।

झोंटा कान्हा  दे रहे,  अपने - अपने   भाग।।

यमुना  तट पर  भीड़ है,  आए बाबा  नंद।

संग  यशोदा   हैं  दुखी,मंद श्वास  के   छंद।।


कंदुक  अपनी  खोजने, कूदे सरिता - धार।

कान्हा  निर्भय हर्ष  में,यमुना तट  कर पार।।

यमुना  तट  पर हर्ष  की,बहने लगी   बयार।

नाग कालिया नाथ कर,करते कान्हा  प्यार।।


गौचारण कर साँझ को,आए नंद  कुमार।

यमुना तट पानी पिएँ,निर्मल बिना विचार।।

यमुना तट मथुरा बसी, नगरी पावन मीत।

हुआ कृष्ण अवतार शुभ,गाता है ब्रज गीत।।


यमुना  तट   वसुदेव  जी, पहुँचे भादों  मास।

अर्द्धरात्रि ले कान्ह को,रुकती भय से श्वास।।

रखे   पाँव  जो  नीर में,यमुना तट  वसुदेव।

बाढ़  घटी सरिधार की,कर कान्हा की सेव।।


'शुभं'कृष्ण पावन किया,यमुना तट सरिधार।

भ्रातृ भगिनि अभिषेक से,करते निज उद्धार।


●शुभमस्तु !


17.05.2023●7.30आ०मा०

ग्रीष्म -दोहोपहार ● [ दोहा ]

 213/2023

 

[लू,लपट,ग्रीष्म,प्रचण्ड,अग्नि]

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ०भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

            ● सब में एक ●

ज्येष्ठ मास में लू चलें,सर-सर तप्त बयार।

आम  पके  पीले पड़े,मुख में आए   लार।।

धरती,अंबर,जीव,जड़,लू से तप्त  अधीर।

भोर हुआ  सूरज तपे,चले भानु  के  तीर।।


लपट ज्येष्ठ की धूप की,असहनीय  है मीत।

शेष नहीं तृण भर कहीं,अम्बु कणों की तीत।

ठंड लपट तव कान से,घुसती  है ज्यों तीर।

वसन कान से बाँधिये, सके न उनको  चीर।।


दिनकर उपकारी बड़ा,तपता ग्रीष्म अपार।

लक्षण हैं शुभ वृष्टि के,षडऋतु का आधार।।

षड ऋतुओं में ग्रीष्म का,यह पावन संदेश।

सबका  प्राणाधार  है,सूरज का   परिवेश।।


तपता सूर्य प्रचण्ड जब,फैला किरणें तेज।

सागर   से  बादल   बनें,  देते वर्षा   भेज।।

प्रकृति कभी प्रचण्ड है,कभी सौम्य साकार।

षडऋतु  शोभा देश की,जीवन का आधार।।


पंचतत्त्व में अग्नि का, है महत्त्व  सविशेष।

नहीं किसी से नेह है, नहीं किसी  से  द्वेष।।

अग्नि,धरा,जल,वायु नित,पंचम है आकाश।

हैं प्रत्यक्ष सब देवता,हर जीवन  के  श्वास।।


            ● एक में सब ●

ग्रीष्म   मास   में   लू लपट,

                        करतीं    रूप   प्रचंड।

बरसाती    हैं  अग्नि  को,

                          बनतीं नित बरिबंड।।


●शुभमस्तु !


17.05.2023◆6.30 आ०मा०

मैली गीली कथरी ● [नवगीत ]

 212/2023

   

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार©

● डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

धोए जननी

सुत की सुथरी

मैली गीली कथरी।


सही वेदना

नित नौ मासा

मन में फूली आशा।

एक एक पल 

जीना दूभर

ऊपर- ऊपर श्वासा।।

उपालंभ क्यों

छाँव बनी माँ छतरी।


आई घर में

नई ब्याहुली

चूल्हा अलग जलाए।

लड़े सास से

खूसट बोले

नेंक न  वधू  लजाए।।

कहे ससुर क्या

आँगन में  जा पसरी।


छोटी चादर 

लंबी टाँगें

बाहर पाँव उघारे।

काजल बिंदिया

ला हरजाई

रोवें बारे -बारे।।

किसकी ताकत

तिया सँवारे, बिगरी।


टेढ़ी हो जो

लिपि ललाट की

आती कुलटा नारी।

सास ससुर पति

रोते तीनों

जीवन की लाचारी।

चमक चाँदनी

बनती नागिन बिजुरी।


●शुभमस्तु !


16.05.2023◆5.45प०मा०

माँ तो माँ है! ● [ गीत ]

 211/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

पहले ढोया उदर- कोख में,

काँधे पर वह अब ढोती है,

माँ की ममता।


उपालंभ  देती  न किसी को,

स्वयं कष्ट वह  तन पर झेले।

अला-बला   को  दूर  हटाए, 

सिर पर सब अपने माँ ले ले।।

पीड़ा नहीं  व्यक्त  करती माँ,

किसकी समता!


झोली  में   नवजात  लिटाए,

जाती   है   निर्द्वन्द्व   अकेली।

खाली हाथ शाटिका तन पर,

नारी  माँ   कैसी   अलबेली!!

पहुँची में   कंगन  कुछ चूड़ा,

अद्भुत फबता।


काँधे  पर   लाठी   रख  मोटी, 

रज्जु ग्रथित है  लंबी   झोली।

चमकें   दाँत   श्वेत  मोती - से,

लौंग नाक  में  पहने  भोली।।

कानों में   दो   कुंडल  उसके,

दृग में नमता।


माला   गले   अँगूठी   अँगुली,

अरुण वर्ण की   माथे   बिंदी।

मंगलसूत्र    सुशोभित   ग्रीवा,

बोले   गिटपिट   टूटी  हिंदी।।

माँ तो  माँ है    क्या जतलाएँ,

उर की शुभता!


●शुभमस्तु !


16.05.2023◆11.30आ०मा०

परिवार ● [चौपाई ]

 210/2023

              

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

कलियुग की कैसी महिमा रे।

बिखर  रहे  परिवार   हमारे।।

एकाकीपन   की  घन छाया।

फैली जग में   काली  माया।।


नई   वधूटी   घर   जब  आई।

आँगन   में   दीवार    लगाई।।

अलग  रहें अब बुढ़िया - बूढ़े।

कौन    उठाए     टूटे    मूढ़े??


अलग जलाती दुलहिन चूल्हा।

रहे   अकेली   सँग   में दूल्हा।।

अलग बसा परिवार अनोखा।

देता जननी -पितु को धोखा।।


पढ़े-लिखे अति लोग- लुगाई।

वृद्धाश्रम   में   करें   विदाई।।

पा  एकांत  देह - सुख  पाएँ।

मात -पिता को उधर पठाएँ।।


नैतिकता का साथ नहीं  है।

प्रेम सहज सौहार्द्र कहीं है??

निकले पंख उड़े  खग दोनों।

पड़े पिता जननी  को रोनों।।


अब   वसुधा  परिवार नहीं है।

स्वार्थ भोग की भित्ति यहीं है।।

नारी    ने    परिवार   उजाड़े।

जनक-जननि के गात उघाड़े।।


●शुभमस्तु !

15.05.2023◆4.00प.मा.

वसुधा नहीं कुटुंब ये ● [ दोहा ]

 209/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

'विश्व एक परिवार है', झूठी लगती   बात।

नहीं सुरक्षित आदमी,हो जाए यदि  रात।।

पति -पत्नी संतान में,सिकुड़े अब परिवार।

नेह नहीं जन और से,करके देख  विचार।।


आई  दुलहिन  गेह में,छोड़ दिए  पितु-मात।

मानव  बदतर   ढोर  से,हुए बिराने   तात।।

स्वार्थ लीन नर-नारि हैं,रुचता भोग विलास।

त्याग दिए माता-पिता,यद्यपि हो  उपहास।।


प्रौढ़ाश्रम बतला रहे, कहाँ विश्व   परिवार।

संतति के उपहास  से,घर के बंद    दुआर।।

वसुधा नहीं कुटुंब ये,मनुज भेड़िया   एक।

नर-नर का आहार है,खोया सत्य   विवेक।।


झूठे  वे   आदर्श   हैं,  नहीं  राम    आदर्श।

लखन विभीषण हो गया,करता नहीं विमर्श।

पैर  वधूटी   के   पड़े,  आँगन  में    दीवार।

आते  ही  सीधी   खड़ी, पुत्र मूढ़    लाचार।।


जब तक पुत्र कुमार था,पिता-जननि से नेह।

टूट  गया  जब   आ  गई,नई ब्याहुली   गेह।।

नारी  की  ही  देन  है,  प्रौढ़ाश्रम   इस   देश।

'शुभं'सत्य कटु है यही,बदला गृह  - परिवेश।


●शुभमस्तु !


15.05.2023◆9.30आ०मा०

पक्षपात में न्याय नहीं ● [ दोहा ]

 208/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

पक्षपात होता जहाँ, मिलता वहाँ न न्याय।

नीति नियम हों ताक पर,बँटे उपानह चाय।।

नीर-क्षीर  जो  छाँटता,न्याय करे  सविवेक।

पक्षपात  करता  नहीं,  वही ईश-धी  नेक।।


वर्ण,जाति  के भेद  से,करते जो   अन्याय।

पक्षपात  से  वे बनें,  घृणा-पात्र  निरुपाय।।

पक्षपात  करता  नहीं, पाता नर  सम्मान।

हंस उसे कहते सभी, करता सत्य -विहान।।


जिनके  रग-रग में बहे,पक्षपात  का  खून।

नहीं अपेक्षा कीजिए,उनसे  कण भर चून।।

पक्षपात   होता  नहीं,मानव मूढ़  समाज।

धरती होती स्वर्ग-सी,गिरती कभी न गाज।।


कितने मूढ़ अयोग्य जन,पक्षपात  के हेत।

पाकर  सेवा  देश में,चरते खुलकर  खेत।।

पुल  टूटें  रोगी  मरें, शिक्षक भी  अज्ञान।

पक्षपात जिस देश में,कहता कौन महान??


नेता    में  वह   बीज  है, बोता  सारे   देश।

पक्षपात  की  फसल से, लहराए बक-वेश।।

जनक-जननि करते नहीं, पक्षपात सुत-संग।

होते   पूत    कपूत    भी,  भरे वासना-रंग।।


●शुभमस्तु !


15.05.2023◆9

आ०मा०


राष्ट्र में भरें उजास● [गीतिका]

 207/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सकल  राष्ट्र   में  भरें उजास।

नहीं   करें  इसका  उपहास।।


खाते-पीते  नित्य अन्न  -जल,

करते   भी  हैं   जिसमें वास।


ढोर   नहीं   बन  मानव  देह,

चरते    नहीं   घूर   पर घास।


कर विश्वास सपोलों का मत,

बने   पड़ौसी    रहते    पास।


गंगा यमुना  का  निर्मल जल,

पीकर  लेता    है    तू  श्वास।


संतति  उऋण नहीं   मातु से,

उसको भी कुछ सुत से आस।


'शुभम्'सदा कर्तव्य-पंथ चल,

मात्र नहीं   खोना   रँग- रास।


●शुभमस्तु !


15.05.2023◆6.15आ०मा०


सदा कर्तव्य-पंथ चल● [सजल]

 206/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●समांत : आस

●पदांत : अपदान्त

●मात्राभार :15.

●मात्रा पतन: शून्य।

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सकल  राष्ट्र   में  भरें उजास।

नहीं   करें  इसका  उपहास।।


खाते-पीते  नित्य अन्न  -जल,

करते   भी  हैं   जिसमें वास।


ढोर   नहीं   बन  मानव  देह,

चरते    नहीं   घूर   पर घास।


कर विश्वास सपोलों का मत,

बने   पड़ौसी    रहते    पास।


गंगा यमुना  का  निर्मल जल,

पीकर  लेता    है    तू  श्वास।


संतति  उऋण नहीं   मातु से,

उसको भी कुछ सुत से आस।


'शुभम्'सदा कर्तव्य-पंथ चल,

मात्र नहीं   खोना   रँग- रास।


●शुभमस्तु !


15.05.2023◆6.15आ०मा०

रविवार, 14 मई 2023

सावित्री का नाम शेष है● [ दोहा गीतिका ]

 205/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार©

● डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

सावित्री  का नाम ही,बचा शेष  बस आज।

पश्चिम को पहना दिया,नारी ने  अब ताज।।


सत्यवान  के  प्राण जो,लाई यम   से  छीन,

कहाँ वही सवित्रियाँ ,बचा सकें  पति-लाज।।


देवी  वाणी  ज्ञान  की,  दे विद्या  का   दान,

कवि की कविता में बसें, सकल सँवारें साज


कलयुग  की  सवित्रियाँ, कर घूँघट-पट ओट,

नाटक नए  चरित्र का, झपट रहा  बन बाज।


सावित्री  की  अब   नहीं, परिभाषा  प्राचीन,

रिंकी,पिंकी, मारिया, के  नामों   की   गाज।


बाला ,  बाला    से  करे, समलिंगी   सम्बंध,

दैहिक भोगविलास की,मनुज खुजाए खाज।


पंद्रह   प्रतिशत देह के,ढँके हुए   हैं   अंग,

स्वच्छ वायु सेवन करें,विदा नयन से लाज।


प्रकृति बदलती नारि  की,परिणय नारी संग,

गेह - त्याग  फेरे  पड़े,गया  भाड़ में  दाज।


सावित्री  के  दिन गए, फैशन रत  नर नारि,

होटल  में कर  कैबरे,छोड़ बाप  की   छाज।


'शुभम्'  नारि  पर्याय क्या,सावित्री  का  एक,

ढूँढ़ें  भी  मिलना नहीं,नव चरितों  का  राज।


●शुभमस्तु !


14.05.2023◆11.45 आ०मा०

शिक्षक प्रभा-मशाल● [ दोहा गीतिका ]

 204/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्' ●

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

शिक्षा  का आदर्श  है,शिक्षक प्रभा-मशाल।

तम हो तले चिराग के,शिष्यों का क्या हाल?


सीख    ज्ञान-उपदेश  की ,दे शिक्षक आदर्श, 

नैतिक  अहं  जवाल से, फूल गए  हैं  गाल।


संतति   बात  न  मानती, फैला   है    अंधेर,

पितृ जननि को ठोंकती,शिक्षक को ही ताल।


शिष्यों  को  ये सीख  दे,मत पीना  सिगरेट,

स्वयं  छिपा गुरु  पी रहा, कौवा बना मराल।


कथनी  करनी   में  बड़ा, अंतर भारी  मीत,

होगा  क्यों उद्धार यों,  शिक्षक बना  सवाल।


पर  उपदेशी   की  खड़ी, लंबी बड़ी  कतार,

गरेबान  कब   झाँकते,  भीतर काले   बाल।


डिग्री  ली  शिक्षक  बना,धरे ताक   आदर्श,

बातें  करे नकार  की,क्यों हो शिष्य निहाल?


शिक्षण  क्या व्यवसाय है,सेवा देश - समाज,

जीवन  में हो  सादगी, ओढ़ न केशी-खाल।


'शुभम्' रंग में रँग लिया,शिक्षक ने निज गात,

नहीं  बना  आदर्श वह, बदल गर्दभी  चाल।


14.05.2023◆10.45आ.मा.


माँ तो माँ ही नित्य है 🤱🏻 [ दोहा गीतिका ]

 203/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

नाक सदा ऊँची रखें,निज जननी की आप।

जन्म दिया है आपको,उसका बढ़ा प्रताप।।


माँ  तो  माँ  ही  नित्य है,घटे न उसका  नेह,

संतति  की  वरदायिनी, मत गहराई   माप।


मात-पिता  वह बेल हैं,संतति जिनका  फूल,

जीवन  में  तेरे रहे,अमिट उन्हीं  की   छाप।


सोई  गीली सेज  पर,दे तुमको सुख - साज,

आजीवन करना तुझे,उस जननी का जाप।


जीवन में होते वही,सफल सुता-सुत  मीत,

कर   सेवा   सम्मान  से, जीतें मैया-बाप।


उऋण नहीं होती कभी,संतति जननी पितृ,

करता जो अपमान सुत,स्वयं भोगता शाप।


'शुभं'भक्तिरत मातु की,जन्म दिया जो कोख

 जनक नहीं कम जान ले,करना नहीं प्रलाप।


●शुभमस्तु !


14.05.2023◆6.15आ.मा.

नाकों का नक्काश ● [ बालगीत ]

 202/2023

 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

●  डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

नाकों        का      नक्काश  निराला। 

दे     नाकों    को      नया    उजाला।।


नए   -   नए      साँचों      में    ढाले।

नित्य    हजारों     नाक     बना   ले।।

रंग      किसी       का   गोरा ,  काला।

नाकों        का      नक्काश  निराला।।


कोई        बगुले        तोते     जैसी।

बने         पकौड़ी        बेसन ऐसी।।

सुघर      किसी     साँचे    में  ढाला।।

नाकों      का       नक्काश  निराला।।


हथिनी     के       शावक  - सी   कोई ।

सदा         टपकती         रोई  -  रोई।।

जगह      नाक    की    लगता  छाला।

नाकों         का      नक्काश  निराला।।


कोई           लोमश        वानर   वाली।

नथनी           बेसर         लौंगें    डाली।।

नारी    -     नाक         लगाया    ताला।

नाकों          का        नक्काश  निराला।।


लंबी           सीधी        पतली  छोटी।

शिमला         मिर्ची        जैसी   मोटी।।

डाले           नारी        नथनी - माला।

नाकों         का      नक्काश  निराला।।


अपनी      -   अपनी      नाक सँभालें।

नहीं      किसी     की    पकड़ उछालें।।

माता       भगिनी          भौजी  बाला।

नाकों        का         नक्काश  निराला।।


●शुभमस्तु !


13.05.2023◆2.00प.

मा.

शुक्रवार, 12 मई 2023

हम' नाक हैं ● [ व्यंग्य ]

 201/2023

    

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●व्यंग्यकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

      भाइयो ! बहनो!!जीवधारियों में गहनो! 'हम' तुम्हारी नाक हैं। तुम्हारी साँस को चौबीस घण्टे,सातों दिन,बारहों महीने अंदर- बाहर लाने ले जाने वाली डाक हैं।आप कहेंगे कि तुम तो एक हो,फिर 'हम' क्यों  हो? हम इसलिए 'हम' हैं ; क्योंकि दस छिद्रधारी आप जब अपने को 'मैं'नहीं कह के  'हम' सर्वनाम से सम्बोधित कर सकते हैं।तो हम क्यों नहीं! हमारे भीतर भी तो एक नहीं दो -दो छिद्र हैं।

असली बात ये है कि 'हम' आपकी नाक हैं।जैसे एक राजा अपने सिंहासन पर उच्च पदस्थ होकर विराजमान रहता है, क्या हमारी भी स्थिति कुछ वैसी नहीं है ! आपके देह के शीर्ष पर स्थित शीश पर हम भी कुछ कम नहीं हैं।इधर-उधर  हमें न देखती हुई भी दो छोटी-छोटी आँखें, थोड़ा और पीछे दोनों पटियों पर जिन्हें अब कनपटी कहा जाता है; दो ऐंठे - उमेठे से गुफानुमा दो कान हैं।मेरे ठीक अधोभाग में दो परिपुष्ट अधरों के बीच में बत्तीस दाँतों के साथ सामंजस्य करती  हुई एक अस्थिहीन रसना है। मेरे दोनों ओर दो कोमल  - कोमल कपोल मेरी साज सज्जा में चार चाँद लगाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ते।औऱ फिर इन सबके मध्य स्थित 'हम' नाक।

नाक के नाम एक नहीं अनेक मुहावरे  मनुष्य समाज में कहे और सुने जाते  हैं।नाक रखना, नाक बचाना, नाक कटना, नाक ऊँची करना, नाक-भौं चढ़ाना,नाक में दम करना, नाक का बाल होना,नाक रगड़ना, नाक आना, उलटी तरफ से नाक पकड़ना, नाक उड़ा देना, नाक ऊँची रखना,नाक  ऊँची रहना,नाक और कान लेकर भागना,नाक के फेर से बयान करना,नाक के रेंट से बदतर करना,नाक के रास्ते निकालना,नाक कटवाना,नाक में बाँस डालना, नाक काट के नींबू निचोड़ देना, नाक की फुग्गी,नाक घिसना,नाक चढ़ाए रहना, नाकों चने चबाना, नाक चाटना,नाक चोटी करना,नाक छी जाना,नाक घुस जाना,नाक पर मक्खी न बैठने देना, नाक फुलाना आदि।

यदि आप इन नाक नामधारी मुहावरों की तह में जाएँ तो पाएँगे कि हम 'नाक' कुछ यों ही मिया मिट्ठू नहीं बन रहीं।अब अपने ही विषय में कुछ ज्यादा ही खोलकर बताने लगें तो यही कहा जाता है। अब अपने ही विषय में ज्यादा कुछ क्या कहें? और अपनी ही नाक कुछ ज्यादा ही नीची होने लगे तो बिना कहे भी कैसे रहें! मुझे सम्मानित करने के लिए अथवा ये कहें कि अपने को अपने पति के समक्ष अधिक सुंदर दिखने के लिए महिलाएँ मुझे एक औऱ छिद्र से छिद्रित करवाने में  भी नहीं चूकतीं और उसमें सोने की बालियां,लौंग, नथुनिया, बुलाक औऱ न जाने क्या क्या लाद देती हैं।उनकी खुशी ही मेरी खुशी है, इसलिए वेदना से पीड़ित होने के बावजूद हम चुप ही रहती हैं।न कुछ कहती हैं, सब सहती हैं।

कहा जाता है कि हर नर - नारी के नाक - नक्श में उसकी पिछली योनि का भी बहुत बड़ा योगदान रहता है।उसी के अनुसार उसके चेहरे -मोहरे की आकृति बनती है।देखा जाता है कि किसी की नाक तोते जैसी, किसी की बन्दर जैसी होती है।कोई प्लेन,कोई उठी हुई चट्टान जैसी तो कोई नन्हीं छोटी मिर्च की तरह सजी होती है। अब ये सब तो विधाता ही जानें कि वे किसको कैसी नाक का स्वामी बनाते हैं।नाक तो अंततः नाक है।नाक का मुख्य काम तो बस श्वास का आदान प्रदान कर जीवन देना है।यही वह स्थान है ,जहाँ से किसी के प्राणवान होने  अथवा न होने की जाँच भी होती है।अब रही आप सबकी बात कि आप नाक कितना पाक रखते हैं और अहमियत भी प्रदान भी करते हैं।

सुगंध अथवा दुर्गंध का अनुभव कराने वाली नाक को एक अन्य अर्थ में 'स्वर्ग' की संज्ञा से भी अभिहित किया जाता है। 'नाक वास बेसरि  लहौ बसि मुकुतनि के संग।' स्वर्ग  की संज्ञा से सुसज्जित होने के बाद भी यदि आपकी समझ में यदि नाक की शाख सटीक लगी हो तो अपने  वक्तव्य की इतिश्री करने की अनुमति मिले।मानव जीवन स्वर्ग नाक से ही है, यह स्वयंसिद्ध है। जिसकी नाक नहीं ,उसकी समाज में शाख नहीं। जिसकी शाख नहीं,वह आप नहीं।

●शुभमस्तु !


12.05.2023◆ 6.30 प.मा.


                ●●●●●

दूरी का औचित्य ● [ कुंडलिया ]

 200/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

                        -1-

दूरी  नित उनसे  रखें, 'सु'-आस्तीन के साँप।

पाल  रखे  जो  पास  में, लेना उनको भाँप।।

लेना  उनको  भाँप,  समय  पर  धोखा  देते।

रहें   काँपते   आप,   शांति  से  अंडे   सेते।।

'शुभम्' मीच के नाग,भंगिमा तन  की   भूरी।

मुखर  उगलते   आग, बनाना इनसे    दूरी।।


                        -2-

दूरी  लाखों  मील  की,फिर भी  देता  ताप।

सविता  अंबर  में  रहे, अपरिसीम है  माप।।

अपरिसीम है माप,ग्रीष्म पावस, कुसुमाकर।

शरद, शिशिर, हेमंत,सभी का सूत्र सुधाधर।।

'शुभम्' मात्र   है  भानु, करे वांछा  सब  पूरी।

पंच  तत्त्व   में  एक,  करोड़ों मीलों    दूरी।।


                        -3-

दूरी   दुर्जन  से  रखें, सदा सुरक्षित   आप।

संत जनों को जानिए,सागर सौम्य  प्रताप।।

सागर सौम्य प्रताप,सुगंधित सुमन समझना

भाव प्रवण संलाप,स्वार्थ से मुक्त परखना।।

'शुभम्' सहायक नित्य,चलाते कभी न छूरी।

संतों का औचित्य, जगत में रखें   न  दूरी।।


                        -4-

दूरी  उर  से  बीच  की,उर में बढ़ी   अपार।

चिंता  अपनी   ही  रहे,  टूट  रहे  दृढ़ तार।।

टूट  रहे दृढ़  तार, पुत्र  भूला पितु   जननी।

बस पैसे से प्यार,लेश अब बात न  बननी।।

'शुभम्'  न  सेवा  -भाव, करे इच्छा जो पूरी।

परजीवी   संतान, बाप  से  सुत  की  दूरी।।


                        -5-

दूरी  का  औचित्य  है, हृदय- हृदय के बीच।

दूरी  जब  घटने  लगी, आए उभय  नगीच।।

आए  उभय नगीच,दिए अवगुण  दिखलाई।

पकड़   खींचते  टाँग, खटाई पड़ी   मिताई।।

'शुभम्' न  आना  पास, मिलेंगे  रिश्ते  धूरी।

अंतराल कुछ ठीक,उचित उर- उर में दूरी।।


●शुभमस्तु !


12.05.2023◆11.30आ.मा.


लिखें ऐसा ● [अतुकान्तिका ]

 199/2023

    

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्' 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

लिखें ऐसा

बना दे

आपकी एक

पृथक छवि ,

कहने लगें

प्रबुद्ध

होना चाहिए

ऐसा ही कवि।


न स्वयं समझे

न कोई जाने,

शब्दाडंबर के

बिछा दे

ऐसे ताने -बाने,

कि न मिले ओर

न पाए कोई छोर!

कहते रहें

'सरोता': "वंश मोर-

वंश मोर",

ऐसे ही काव्य को

कहते हैं,

कविता घोर।


पाठकों को

बैठना पड़े

खोल कर कोश,

पढ़कर रचना

खो ही बैठें

निज होश,

और कुछ

गूगल बाबा से

प्रार्थना करते दिखें

पुरजोश।


करते रहें

जो वाहवाही,

बस कविता

उन्हीं की 

समझ में आई!

गूँगा जाने 

या उसके घर वाले,

जिसके 

हाथ में हो चाबी

वही खोले ताले।


अत्याधुनिक युग है,

चमत्कार जो 

दिखाना है,

दर्शकों, पाठकों,

 श्रोताओं की दृष्टि में

'महाकवि' कहलाना है,

तो काव्य भी

ऐसा रचाना है,

कि किसी की 

समझ में 

नहीं आना है,

बस ऊधम 

मचाना है।


●शुभमस्तु !


12.05.2023◆6.30आ.मा.

गुरुवार, 11 मई 2023

वरदान ● [ सोरठा ]

 198/2023

              

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्' 

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

दिया 'शुभम्' वरदान, कृपावन्त  माँ  शारदा।

पाऊँ कृपा महान,जन्म-जन्म अर्चन  करूँ।।


पाता  है  वरदान, करता जो प्रभु  - साधना।

फिर भी मिलता मान,यद्यपि करे न याचना।।


फल मानव को नेक,बिना कर्म मिलता नहीं।

बिना  साधना  एक, देवों  का वरदान  भी।।


मिलता शुचि वरदान,कर सकार की साधना।

नर परिणाम महान,कब नकार से पा सका।।


सेवा वही सपूत,जनक जननि की जो  करे।

मिलता सुफल अकूत,पाता है वरदान वह।।


परम -पदों का लाभ, गुरु-सेवा  से पा गए।

पीकर अमृत -आभ,पाकर शुभ वरदान वे।।


माँ का ये वरदान,मिला 'शुभम्'को जन्म से।

कविवर श्रेष्ठ महान,बने यशस्वी काव्य का।।


दिए जननि, गुरु, तात,फलीभूत वरदान वे।

मेरा शुभद प्रभात,उनसे ही तन -मन बना।।


कर गुरु माँ की मीत, सच्चे मन से साधना।

मिले सदा ही जीत,मिले पितृ वरदान  भी।।


मिलता  उनको शाप,होता पूत  कपूत जो।

करता है जो पाप,छीन सके वरदान क्या??


पाऊँ मैं वरदान,जन्म-जन्म पितु जननि का।

नित आशीष महान,गुरुवर दें नवज्ञान  का।।


●शुभमस्तु !


11.05.2023◆10.00आ.मा.

                

ज्येष्ठ ● [ दोहा ]

 197/2023

          

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

ज्येष्ठ   मास  के ताप से,मत घबराना  मीत।

जो  जितना  तपता यहाँ,गाता वर्षा -  गीत।।

अपना  कोई ज्येष्ठ हो,मत करना   अपमान।

नाक नहीं  ऊँची उठे, सत्य तथ्य  ले  जान।।


ज्येष्ठ  सदा  ही  मान्य है,  पूजनीय   संसार।

सम्मानित इनको करें,तज निज हृदय विकार

तपती धरती  ज्येष्ठ में,बढ़ती प्यास  अपार।

सागर  में   लहरें उठें,  पावस का  उपहार।।


ज्येष्ठा एक  नक्षत्र है, उदित पूर्णिमा  - सोम।

ज्येष्ठ मास होता वही, तपता रवि से व्योम।।

ज्येष्ठ देव श्रीविष्णु का,अतिप्रिय है शुभमास

पूजा  हरि   हनुमंत की,करिए गंगा    वास।।


ज्येष्ठ मास शुभ भौम का,बुढ़वा मंगल नाम।

अर्चन  कर  बजरंग का,पूरे कर  लें  काम।।

वरुण सूर्य  दो  देव  की, पूजा  करना मीत।

ज्येष्ठ  मास गंगा नहा, गाएँ हरि  पद  गीत।।


ज्येष्ठ  सदा   आगे  चलें,पीछे सभी  कनिष्ठ।

नायक  प्रभु की  सृष्टि में,होता सदा  वरिष्ठ।।

आदि ज्येष्ठ का रूप है,सदा सृष्टि  में  मीत।

आगे वह पीछे  सभी, होना क्यों   विपरीत!!


●शुभमस्तु !


10.05.2023◆11.30 आ.मा.

जीभ की कहानी ● [बालगीत ]

 196/2023


●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

● शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

मौन        जीभ    की  मुखर कहानी।

देख         जलेबी        टपके   पानी।।


सब      कहते      हैं     जीभ  चटोरी।

लाल     रंग        की    लगती भोरी।।

स्वादों     की        है     कथा  पुरानी।

मौन    जीभ      की     मुखर कहानी।।


कभी         माँगती       तीखा  मीठा।

और       कभी     ये     खट्टा   सीठा।।

कड़वी        भी        दातौन  चबानी।

मौन    जीभ     की     मुखर कहानी।।


नमक      बहुत    ही    लगता  प्यारा।

बिना     नमक     सब    स्वाद बिगारा।।

सब्जी  -   दाल        नहीं     है  खानी।

मौन     जीभ     की     मुखर  कहानी।।


देख          मिठाई         ये    ललचाए।

मुँह     में      लार      खूब    भर  लाए।।

स्वाद    लिए   बिन      हटे   न   मानी।

मौन   जीभ      की     मुखर  कहानी।।


कभी           माँगती       रसना    ठंडा।

गर्म     कभी ,      क्या  इसका   फंडा??

'शुभम्'      नियंत्रण      में    ये   लानी।।

मौन    जीभ     की        मुखर  कहानी।


●शुभमस्तु !


10.05.2023◆6.45आ.मा.

जीवन उत्सव कर्म का● [ दोहा ]

 195/2023


[पथिक,मझधार,आभार, उत्सव,छाँव]

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

●शब्दकार ©

● डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम्'

●●●●●●●●●●●●●●●●●●●●

          ● सब में एक ●

कौन पथिक जग में नहीं,चलते पथ दिन-रात

लख चौरासी योनि में,कब संध्या कब प्रात।।

थका पथिक तरु छाँव में,चाहे अल्प विराम।

जीव किंतु थकता नहीं,चलना ही बस काम।


लेकर  नौका  कर्म  की,जाना है  उस  पार।

नहीं  पंथ   ऐसा  चले,  डूबे  तू  मझधार।।

रे  केवट  मझधार में,मत दे  धोखा  मीत।

नाव सुरुचि से तू चला,गाता चल मधु गीत।।


जो साथी पथ में मिले, उन सबका आभार।

सुगम पंथ अपना हुआ,जीवन का उपहार।।

तिनके  का आभार भी,नहीं  छोड़ना  मीत।

कहाँ कौन अपना बना,पथ में  हुआ प्रतीत।।


जीवन उत्सव जीव का,पथ कर्मों की नाव।

जर्जर से धोखा मिले, बना रखे शुभ भाव।।

भूल न जाना खेल में,उत्सव   जीवन-गीत।

रुकना मत पथ भूलकर,तभी तुम्हारी जीत।।


कौन नहीं नर चाहता,मिले सघन शुभ छाँव।

कर्म-पंथ  को त्यागकर,लगा न  देना  दाँव।।

मिले छाँव सोना  नहीं,ज्यों सोया  खरगोश।

जीवन  लंबी  दौड़  है,खो  मत देना  होश।।


       ●  एक में सब ●

पथिक! छाँव शीतल मिली,

                         रुकना मत मझधार।

जीवन उत्सव कर्म का,

                        तिनके   का आभार।।


●शुभमस्तु !


09.05.2023◆11.00प.मा.


किनारे पर खड़ा दरख़्त

मेरे सामने नदी बह रही है, बहते -बहते कुछ कह रही है, कभी कलकल कभी हलचल कभी समतल प्रवाह , कभी सूखी हुई आह, नदी में चल रह...