शुक्रवार, 31 अगस्त 2018

पाँच वर्ष का मेला

पाँच   वर्ष   का  मेला   है।
क्या क्या  हमने  झेला  है।।

चतुर   खिलाड़ी   खेला   है।
झूठवाद   का  रेला       है।।

वोटर   दीन    अकेला    है।
मीठा   गुड़   का  भेला  है।।

कैसा   विकट   तमाशा   है!
कोई न   जिनसे   आशा  है।।

तमाशबीन  सब   जनता है।
जिस के बल "वो"तनता  है।।

चरण   चूम  आगे    बढ़ता ।
उसके  ही सिर  पर चढ़ता  ।।

जनता   एक     मदारी   है।
उसकी   सब    किरदारी है।।

भाँप   न  पाते  टोपी  झण्डे।
पलते आश्रय   नित मुस्टंडे ।।

खाते   पीते   मौज    मनाते ।
कहते इसकी    उसे   दुहाते।।

यही आँख और कान यही ।
जो ये    फूंकें   सदा   सही ।।

कच्चे   कान   के  नेता होते ।
इनके   पैरों   चलते    सोते ।।

इनके   ये    जासूस    करीब।
जो ये कहें पाषाण,-लकीर ।।

पाँच वर्ष   का कुम्भ महान ।
नेता नहाए   फिरे   जहांन ।।

जनता तो जैसी   की तैसी ।
सदा रहे   ऐसी    की ऐसी ।।

उनकी   किस्मत  कारें ए सी।
चुसने को बस  जनता  देशी।।

जितने पिछड़े जनता जनार्दन।
उतने  ही     नेता    उत्पादन ।।

जितनी ऊँची जिसकी शिक्षा ।
नेता की नहि   चहिए  भिक्षा ।।

पढ़ें लिखें सब भारतवासी।
मिटे देश की सकल उदासी।।

शुभमस्तु 

-डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम' 

जितने मुँह उतनी बातें

जितने मुँह उतनी बातें।
कहीं कोमल मृदुल कहीं घातें।

कहीं धर्म की सुगंध कहीं साहित्य का संसार।
कहीं राजनीति की आँधी कहीं  सामाजिकता -प्रसार।

कहीं हंसी के फूल कहीं शासन का रूल।
माफ़ी  माँग लीजिए गर हो जाए कोई भूल ।

किसी को 'सुप्रभात'बुरा लगता किसी को फोटो वर्जित हैं।
किसी को कट पेस्ट ही करना उन्हें बस वही शोभित है।

चाशनी धर्म की केवल उनको सुहाती है।
किसी को राजनीती की रबड़ी महकाती है।

कोई अनोखे वीडियो सबको दिखाता है।
कोई निज ऑडियो को भेज कर हमको सुनाता है।

कोई तो  सौगंध दे दे कर अन्ध विश्वास फैलाता है।
शर्तों में अपनी बाँधकर 'धार्मिक' बनाता है।

बड़े रंग हैं इनके व्हाट्सएप्प निराला है।
मर्जी सबकी पूरी हो बड़ा कर्रा कसाला है।

सबको खुश करना बड़ी मुश्किल में होता है।
कोई हँसता गाता है कोई बस रोता होता है।

ये संसार है मित्रो सभी को खुश करना टेढ़ा है।
लकीरों पै वही चलता जो केवल मेष मेढा है।

शुभमस्तु 

-डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम' 

राजनीतिक पिछलग्गू

राजनीति में कोई किसी का स्थाई न तो मित्र होता है और न शत्रु ही होता है।यहां सांप और नेवले की भी दोस्ती होती है ।हो रही है , होती थी और होगी। इसलिए वे अनुयायी, अनुगामी और  आदरणीय पिछलग्गू  कितने बुद्धिमान हैं , जो इनके पीछे अपने प्राणों का बलिदान भी करने में चूकते नहीं । ऐसी कृतज्ञता धन्यवाद के योग्य है। आखिर हम अपने विवेक का इस्तेमाल करना कब सीखेंगे। कब तक अंधे बनकर इनके पीछे झंडा ऊँचा करते रहेंगे । शायद इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि हम जरूरत से ज्यादा स्वार्थी हो गए हैं । जिसका यह भी भरोसा नही कि वह शाम से सुबह तक कहाँ होगा। टिकिट मिल जाए तो वही दल भगवान है, और न मिली तो तुरत ही पलायन है। इसलिए आज सभी सम्माननीय नागरिकों का यह दायित्व है कि अन्धे न बनें। सोच -समझ कर ही अनुगामी बनें । राजनीति का अर्थ यह कदापि  नहीं होता कि हम अपने चरित्र भी बेच दें।एक विवेकी नागरिक की भूमिका अदा करें । जाति, क्षेत्र ,धर्म आदि समस्त वादों से ऊपर उठकर मतदान करें । राष्ट्र निर्माण का यह पावन यज्ञ है, मतदान अवश्य करें पर बहुत सोच समझकर ।देश के अच्छे और सच्चे नागरिक ही श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

शुभमस्तु

- डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम'

सरस्वती वंदन

ज्ञानदायिनि वीणावादिनि सरस्वती माँ शारदे ।
अज्ञान उर का दूर कर माँ  संसार
से हमें तार दे।।
तम से ग्रसित मानव के मन को 
कर प्रकाशित उद्धार कर।
पथभृष्ट मानव हो रहा है उसको
दिखा मारग सुकर।।
सुंदर चरित धारण करें निर्भय 
जियें जीवन सभी।
सत्कर्म में तल्लीन हों ईर्ष्या रहित
हों हम सभी।।
यह विश्व इक परिवार सम
दे सुमति माता शारदे।
कंटकों को पार कर हम आगे बढ़ें
माँ तार दे।।

जय जय माँ सरस्वती की जय हो 

-डॉ. भगवत स्वरूप 'शुभम' 

बुधवार, 29 अगस्त 2018

अपनी गलती स्वीकार नहीं

   जगत के अनेक प्राणियों में मनुष्य भी एक प्राणी है, लेकिन सबसे भिन्न और सबसे विशेष । सभी प्राणी अपने अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष करते हैं। मनुष्य भी करता है। क्योंकि संघर्ष ही जीवन है और जीवन संघर्ष का दूसरा नाम है। जो संघर्ष नहीं करता , उसका अस्तित्व उतनी ही जल्दी समाप्त भी हो जाता है।
   सभी प्राणियों में प्रकृति ने ऐसी कुछ विशेषताएँ प्रदान की हैं , जिनसे वह अपने अस्तित्व को बनाए रखने में जूझता रहता है। जैसे सर्प और बिच्छू को विष और दंशन दिया तो पखेरूओं को उड़ने की शक्ति प्रदान की है। शेर चीते को शक्ति औऱ खूंख्वार स्वभाव दिया है। कुछ प्राणी ऐसे भी हैं जो पकड़े जाने से बचने के लिए अपने शरीर से कुछ जहरीले पदार्थ फेंकते हैं या मूत्र विसर्जन करके अपने शत्रु को भयभीत कर देते हैं।जैसे विष खोपरा, टोड आदि। अस्तित्व की रक्षा औऱ संघर्ष के अनेक साधन सभी प्रकृति प्रदत्त ही हैं।
   इसके विपरीत मानव के पास सबसे बड़ा अस्त्र उसकी बुद्धि है।इसीलिए उसे बुद्धिमान प्राणी कहा जाता है , जिसके बलबूते पर वह  सारी प्रकृति और जड़ चेतन से अपना लोहा मनवाता है। संसार में निरन्तर होती हुई प्रगति और विकास के लिए उत्तरदायी मनुष्य ही है। उसका एक ओर रचनात्मक रूप इतना व्यापक और  विशेष है कि उसने विज्ञान, कला , अध्यात्म , धर्म , संस्कृति, साहित्य, दर्शन आदि विविध क्षेत्रों में विकास के झंडे गाड़ दिए हैं। दूसरी ओर उसने मानसिक , स्थलीय , जलीय , आकाशीय और वायवीय प्रदूषण फैलाकर अपने साथ साथ सारी प्रकृति के लिए भयानक समस्या पैदा कर दी है।
   मनुष्य जब कोई गलत काम या अपराध करता है तो सहज ही उसे स्वीकार नहीं करता। काश यदि ऐसा होता तो देशभर में इतनी अदालतें ,हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट भी नहीं होते। इतनी मारकाट नहीं होती। आदमी आदमी के खून का प्यासा नहीं होता। और सबसे बड़ी बात कि अपने असत्य , झूठ , चोरी और अपराधों पर्दा डालने या सफाई देने की कला में माहिर नहीं होता। पढ़ लिखकर आदमी बुद्धिमान नहीं हुआ , बल्कि अपने गुनाहों पर पर्दा डालने या सफाई देने की कला में कुशल हो गया। इसीलिए पढ़ा-लिखा आदमी अपने बुद्धि कौशल को धनात्मक न  बनाकर उसका ध्वंशात्मक प्रयोग करने का विशेषज्ञ हो गया। जितना ज्यादा पढ़ा, उतना ही सफाई देने में आगे बढ़ा। वह आजीवन मुकदमा लड़ लेगा , पर ये एक बार भी नहीं कहेगा कि गुनाह मेरा ही है। जब कानूनी शिकंजे में फंस जाता है  या बड़े भाई  डंडानाथ के नीचे आता है तब स्वीकारना उसकी विवशता हो जाती है। ये दिमाग ही उसकी विशेषता है। सहज रूप में गलती स्वीकारने में उसकी नाक कटती है।मनुष्य का दिमाग ही उसका अस्त्र है , ढाल है और है उसके संघर्ष का औजार। इसी दिमाग से वह मानव से दानव भी बन जाता है,और महामानव भी। इस प्रकार आदमी ही आदमी के लिए देवता है , पिशाच है, रक्षक भी है और भक्षक भी। आदमी को जितना भय आदमी से है उतना  शेर , चीते या अन्य जंगली  जीवों से नहीं है। आज आदमी ही आदमी का आहार है।बड़ी मछलियाँ छोटी मछलियों को खा रही हैं।  मनुष्य मनुष्य का, पड़ौसी  पड़ौसी का शत्रु सिद्ध हो रहा है।घरों के ताले कुत्ते , बिल्ली, बाघ, बगहर्रे, चिड़ियाँ , साँप , बिच्छू नहीं चटकाते , ये काम आदमी करता है।इस प्रकार ये बस्तियाँ , ये कस्बे , ये गांव , ये नगर और महानगर जंगल से भी
अधिक  भयोत्पादक बन चुके हैं। ईश्वर सबको सद्बुद्धि दे, ताकि हम फिर ये गान गा सकें:
सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे संतु निरामयाः
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित दुःख भाक  भवेत।।

💐शुभमस्तु !

✍🏼©लेखक
डॉ. भगवत स्वरूप"शुभम"

रविवार, 26 अगस्त 2018

ये कैसा रक्षाबंधन है!

दसियों खबरें रोज़ रेप की
बहनें लुटतीं नित्य देश की
गली सड़क मेड़ों खेतों पर
इज्ज़त बची नहीं बेटों पर
ये माटी है   या    चंदन है!
ये   कैसा   रक्षाबंधन  है ?

बड़े - बड़े  कानून  बनाये
काले कोट पहन   वे आये
गरमा गर्म   बहस होती हैं
बहनें    शर्मसार    रोती हैं
फाँसी   का   गलबन्धन है
ये   कैसा   रक्षाबंधन    है ?

पशु से भी बदतर मानव है
उससे   अच्छे  तो दानव हैं
कोरे आदर्शों  की बात करें
मौका मिलते ही   घात करें
मर गया   हृदय - स्पंदन है
ये    कैसा  रक्षाबंधन    है?

ये मंत्री   और विधायक भी
हैं लिप्त पाप में  नायक भी
सब दिखावटी बेटी -    रक्षा
ढीले  चरित्र    ढीले   कच्छा
पापों का   घंटा   घन घन है
ये    कैसा     रक्षाबंधन   है?

बाबा भी कामुक रस लोभी
यौवन - रस प्यासे   हैं ढोंगी
नाम   रखे बढ़ - बढ़   योगी
जनता मूरख   अंधी  लोभी
रहता बाबा नित  बनठन है
ये   कैसा     रक्षाबंधन    है ?

तेज़ाब  कोई फेंकता  वहाँ
सुन्दर युवती का रूप जहाँ
ऐसे  दानव हैं   बहुत   यहाँ
ढूंढो इक मिलते  बीस यहाँ
कैसा  बहनों  का   क्रंदन है
ये   कैसा      रक्षाबंधन   है ?

कामुक कीड़े  वीभत्स हृदय
कितने हैं ऐसे  मनुज  सदय
बाहर कुछ  अंदर  मैल भरा
भारत माँ आँचल   नहीं हरा
क्या यही मातृ अभिनन्दन है
ये    कैसा     रक्षाबंधन   है ?

बिटिया बचाओ  का नारा है
पर     पुरुष बुद्धि से हारा है
सद्बुद्धि का हुआ किनारा है
हृदय    हुआ   बजमारा    है
क्या "शुभम" यही शुभचिन्तन है
ये कैसा रक्षा बंधन है?

 शुभमस्तु !
✍रचयिता ©
डॉ. भगवत स्वरूप" शुभम"

शुक्रवार, 24 अगस्त 2018

ओवरटेकिंग कल्चर

प्रजातंत्र के राजमार्ग पर
दौड़ रहे थे  वाहन घर घर
अपनी गति से बढ़ते चलते 
नहीं किसी को गति से छलते,

पर यह क्या आया सर सर
वाहन चालक करता घर घर
ओवरटेकिंग करने दौड़ा 
जैसे सुरापान कर घोड़ा
सड़क रोंद्ता  उछल-कूदता
अपना डंका रहा पीटता
नई  झपट्टामार  संस्कृति
भले कहो तुम उसको विकृति
पर उसको क्या ?
बस आगे बढ़ना,
अन्यों से भी आगे बढ़ना,
छल -छंदों से कुरसी गहना
अपनाना ओवरटेकिंग कल्चर
एक्सीडेंट भले हो वल्गर,
बड़े बड़ों की विकट उपेक्षा
लफ़्फ़ाजी नारों की शिक्षा
अपमानित कर आगे आया
कीचड़ हाथ सुशोभित पाया
मार -मार कीचड़ वाहन पर
आगे बढ़ा उन्हें आहत कर
चालक वरिष्ठ भौचक्के विस्मित
अटल टाल दिए जैसे थे मृत,
खोई  बड़े -बड़ों की इज्जत
नव चालक ने पाई लज्जत,
उनकी अस्थि - शेष पर करता
राजनीति के कसीदे गढ़ता,
नाम मिटाने का आयोजन
कोरी वाहवाही का वाहन,
ओवरटेकिंग कल्चर ले आया
नाम मिटा अपना लिखवाया,
सभी समझ रहे ये चालें
कितना कब तक मूर्ख बना ले!

है दुर्भाग्य इस प्रजातंत्र का
सड़क कूटता मोह-मंत्र सा,
आगे वाले छोड़ दिए सब
गुरु बेइज्जत होते हैं अब,
रहना है तो चुप ही बैठो
छोड़ वरिष्ठता दो, मत ऐंठो,
वरना क्या हो हस्र तुम्हारा
वक्त आज का सिर्फ हमारा,
नींव के पत्थर नींव में अच्छे
केवल मैं ही ऊपर सजते,
ओवरटेकिंग कल्चर आया
 बाप गुरु को धता बताया,
बने हो संस्कृति के ठेकेदार
पर बेकायदे सब बेकार।

ये आतंकी संस्कृति  तेरी
शीघ्र बजेगी फिर रणभेरी
विकट परीक्षा होगी तेरी,
सभी लड़ेंगे कुरसी मेरी
अब न चलेगी ओवरटेकिंग
चलो सड़क पर करले रेसिंग।

🌷शुभमस्तु !

✍🏼रचयिता ©
डॉ. भगवत स्वरूप "शुभम"

किनारे पर खड़ा दरख़्त

मेरे सामने नदी बह रही है, बहते -बहते कुछ कह रही है, कभी कलकल कभी हलचल कभी समतल प्रवाह , कभी सूखी हुई आह, नदी में चल रह...