गुरुवार, 25 जुलाई 2019

दादुर [चौपाई]

सावन  मास चली   पुरवाई।
झर झर   करती वर्षा आई।।

भरे  जलाशय  ताल तलैया।
बालक   नाचें  ता ता थैया।।

टर्र -  टर्र   करते   हैं  दादुर।
हैं  प्रतियोगी  बने   बहादुर।।

बुला रहा   दादुरी   तिया को।
त्याग रात की सुख निंदिया को।

शरमाती     दादुरी    कुमारी।
आख़िर वह भी तो है नारी।।

'जोर -जोर से क्यों  चिल्लाते!
इतनी जल्दी तुम अकुलाते??

'आती  हूँ   प्रिय   दादुर  मेरे।
कौन   सहारा  है  बिन  तेरे!!

'लो  मैं  आई  चुप हो जाओ।
सोने दो भी तुम सो जाओ।।

'लोग कहेंगे क्या -क्या हमसे।
ख़लल नींद में करते कब से?

'टर्र-टर्र क्या  लगा  रखी है!
क्या दादुर ने भाँग चखी है ?'

'छू तो लिया ': दादुरी बोली।
धीरे -  धीरे  हुई    ठठोली।।

'अब तुम टर्र-टर्र मत करना।'
'नहीं दादुरी मत तुम डरना।।'

'एक साल    में  आती वर्षा।
बरसे   बादल दादुर  हरसा।।

'अपना   हम  परिवार बढ़ाते।
हम क्या सितम किसी पर ढाते?

'टर्र- टर्र  कर   खुशी  मनाते।
तुम्हें    बुलाने    टेर  लगाते।।

'जब तक बढ़ता वंश  हमारा।
टर्राने  का   हक   है   सारा।।

'हम   कोई    इंसान  नहीं हैं।
जिनके  कोई  नियम नहीं हैं।।

'बारहमासी   प्रजनन  करते।
नहीं प्रकृति से मानव  डरते।।

'हमें न   उनसे   कोई  बाधा।
वर्षा  आई   हक भी साधा।।

'हम क़ुदरत के नियम पालते।
नहीं किसी के हृदय  सालते।।

'दादुर का  सिद्धान्त 'शुभम' है।
मानव से हम कभी न कम हैं।

'टर्र -  टर्र  की योनि  हमारी।
मेरी  ख़ुशी  इसी  में प्यारी।।'

💐 शुभमस्तु!
✍रचयिता ©
🐸 डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम'

2 टिप्‍पणियां:

  1. वाह्हह्ह्ह्ह्ह्ह्ह्ह्ह् बेहतरीन उत्कृष्ट सर्वोत्तम चौपाई छन्द,

    महाज्ञान है अद्भुत भारी |
    दादुर कथा लिखी अति प्यारी ||

    भगवत जी हैं अनुपम प्यारे |
    मान गए हम मिलकर सारे ||

    दादुर देख बाल सब भागे |
    टर्र - टर्र मनभावन लागे ||

    जगत जीव सबही हैं प्यारे |
    दादुर 'शुभम' "शिवम" से सारे ||

    आ० डॉ० भगवत स्वरूप शुभम जी,
    डॉ० राहुल शुक्ल 'साहिल' की हृदयस्पर्शी आत्मिक बधाई एवं शुभकामनाएँ स्वीकार करें|

    विश्व जनचेतना ट्रस्ट द्वारा संचालित
    जय जय हिन्दी परिवार की ओर से आपको कोटि कोटि बधाई एवं साधुवाद|
    🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏🙏
    🌹🌹🌹🌹🌹🌹🌹👌👌👌👌
    🌷💐🎍🌷💐🎍🍁🌷💐🎍🍁

    जवाब देंहटाएं
  2. आदरणीय डाँ0शुभम् महोदय, "दादुर" तो एक बहाना था, वास्तव में आपने इस बहाने पावस का श्रृंगारिक रुप सबको दिखाते हुए मानवीय इच्छाशक्तिऔर मानसिक दुर्बलता को चिन्हित किया है।
    बहुत सुन्दर सृजन के लिए हार्दिक बधाई 👌🌹👌🌹👌🌹

    © एन० पी० विश्वकर्मा

    जवाब देंहटाएं

किनारे पर खड़ा दरख़्त

मेरे सामने नदी बह रही है, बहते -बहते कुछ कह रही है, कभी कलकल कभी हलचल कभी समतल प्रवाह , कभी सूखी हुई आह, नदी में चल रह...