437/2026
©शब्दकार
डॉ.भगवत स्वरूप 'शुभम्'
जीवन के विज्ञान को, समझ सका है कौन।
जीवन एक रहस्य है,विज्ञ मनुज हैं मौन।।
मानव ने विज्ञान से, बड़ी-बड़ी कीं खोज।
दाँतों तले दबा रहे, अँगुली मानव रोज।।2
ज्ञान और विज्ञान की,है जग में चमकार।
गति न रुके पल एक भी,बढ़ता चरण सँवार।।
पढ़ना ही विज्ञान का,जन-जन को अनिवार्य।
होते बड़े असाध्य भी, इससे दूभर कार्य।।4
ओर-छोर होता नहीं, खोज करे विज्ञान।
चीन और जापान का,जग में तना वितान ।।
आम व्यक्ति से दूर है,विशद गगन की खोज।
चंद्रयान पहुँचा वहाँ, खिल विज्ञान-सरोज।।6
कविता भी विज्ञान है,जिसका अटल विधान।
महाग्रन्थ कवि लिख रहे,उड़े गगन में यान।।
कविता के विज्ञान को, नहीं समझता आम।
लाखों और करोड़ में, रत विरले अविराम।।8
भौतिक रस विज्ञान के, अलग- अलग रणधीर।
करते नित्य प्रयोग वे,दिया तमस को चीर।।9
चरण बढ़ाएं आप भी,जिधर खड़ा विज्ञान।
खुलते दृग अज्ञात के,मानव बने महान।।10
मानव रुचि विज्ञान की, नित्य नए आयाम।
खोल रही है विश्व में, अमर हुए हैं नाम।।11
शुभमस्तु,
26.11.2026◆5.00 आ०मा०
◆●◆
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें